सीतापुर के रेउसा क्षेत्र में रविवार देर शाम सड़क हादसे में एक मासूम की मौत हो गई, जबकि एक ही परिवार के 8 लोग घायल हो गए। हादसा उस वक्त हुआ जब सभी लोग ऑटो में सवार होकर जा रहे थे। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और परिजनों में कोहराम छा गया। जानकारी के अनुसार, रेउसा-तंबौर मार्ग पर बंभनावा गांव के पास स्थित सिकड़िहा मोड़ पर तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने एक सीएनजी ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी। उस समय ऑटो में एक ही परिवार के महिला, पुरुष और बच्चे सवार थे, जो लहरपुर क्षेत्र के कर्मुडीह गांव से एक मांगलिक कार्यक्रम में शामिल होकर अपने घर नारायनपुर कोड़री लौट रहे थे। टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑटो सवार सभी लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में वीरेंद्र (35), लवकुश (8), मनीष (7), सरोजनी (30) और नंदनी (12) समेत कुल 8 लोग घायल हुए हैं। वहीं, शकुंतला और संगीता की हालत गंभीर होने पर उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रेउसा से जिला अस्पताल रेफर किया गया। इस हादसे में सबसे दुखद पहलू यह रहा कि वीरेंद्र की एक वर्षीय पुत्री चंदानी उर्फ वर्षा की मौके पर ही मौत हो गई। मासूम की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। घटना की सूचना मिलते ही रेउसा थानाध्यक्ष हनुमंत तिवारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घायलों को अस्पताल भिजवाया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा अज्ञात वाहन और चालक की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी वाहन की पहचान कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply