सीतापुर के मछरेहटा थाना क्षेत्र के बहोरनपुर गांव में मंगलवार को 26 वर्षीय निमिषा उर्फ मुस्कान की संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी लगने से मौत हो गई। मृतका की शादी करीब तीन वर्ष पहले अतुल कुमार उर्फ दीपक के साथ हुई थी। परिजनों ने ससुराल पक्ष पर दहेज उत्पीड़न का गंभीर आरोप लगाया है। जानकारी के अनुसार, घटना से एक दिन पहले महिला ने अपने मायके मोबाइल के जरिए एक सुसाइड नोट भेजा था। पड़ोसियों ने फोन पर मायके पक्ष को घटना की सूचना दी थी। मृतका के पिता संतोष और बाबा छोटेलाल का कहना है कि निमिषा को दहेज के लिए लगातार प्रताड़ित किया जाता था और उसके साथ मारपीट भी होती थी। उनका आरोप है कि घटना से पहले भी उसके साथ हिंसा की गई, जिससे वह मानसिक और शारीरिक रूप से परेशान थी और इसी कारण उसने यह कदम उठाया। सूचना मिलने पर मछरेहटा थाना अध्यक्ष प्रभात गुप्ता पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। मामले की जांच के लिए नायब तहसीलदार विवेक तिवारी, क्षेत्राधिकारी विशाल गुप्ता और फोरेंसिक टीम भी मौके पर मौजूद रही। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए आगे की कार्रवाई कर रही है।

Leave a Reply