सीतापुर के मछरेहटा थाना क्षेत्र के बहोरनपुर गांव में मंगलवार सुबह एक विवाहिता का शव संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे से लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान निमिषा (26) पुत्री संतोष कुमार, निवासी ग्राम रसौरा थाना रामकोट के रूप में हुई है, जिसकी शादी करीब दो वर्ष पूर्व बहोरनपुर निवासी अतुल उर्फ दीपक पुत्र रामगोपाल के साथ हुई थी। मृतका की एक वर्ष की मासूम बच्ची भी है। बताया जा रहा है कि घटना की जानकारी फोन के जरिए मायके पक्ष को सूचना दी। सूचना मिलते ही मृतका के परिजन मौके पर पहुंचे, जहां उनका रो-रोकर बुरा हाल हो गया। मृतका के बाबा छोटेलाल ने आरोप लगाया कि निमिषा को ससुराल पक्ष द्वारा दहेज के लिए लगातार प्रताड़ित किया जाता था। उन्होंने बताया कि आए दिन उसके साथ मारपीट होती थी और मानसिक रूप से भी उसे परेशान किया जाता था। परिजनों का आरोप है कि घटना से पहले भी निमिषा के साथ मारपीट की गई थी, जिससे वह काफी तनाव में थी। उनका कहना है कि ससुराल वालों की प्रताड़ना से परेशान होकर ही उसने यह कदम उठाया, हालांकि परिजन इसे हत्या का मामला भी बता रहे हैं और निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं। घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। क्षेत्राधिकारी विशाल गुप्ता ने बताया कि परिजनों द्वारा हत्या का आरोप लगाया गया है। मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। घटनास्थल पर नायब तहसीलदार विवेक तिवारी, पुलिस अधिकारी और फोरेंसिक टीम ने पहुंचकर साक्ष्य जुटाए। घटना के बाद गांव में तनाव और शोक का माहौल बना हुआ है।

Leave a Reply