सीतापुर के हरगांव थाना क्षेत्र के नौनेर गांव में सोमवार दोपहर उस समय सनसनी फैल गई जब एक युवक का शव आम के पेड़ से संदिग्ध अवस्था में लटका हुआ मिला। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। मृतक की पहचान हरगांव थाना क्षेत्र के कैंथाभारी गांव निवासी 22 वर्षीय रामजीवन के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार रामजीवन पिछले तीन दिनों से घर से लापता था, जिसकी परिजन लगातार तलाश कर रहे थे। सोमवार को उसका शव मिलने से परिवार में कोहराम मच गया। मृतक के भाई जीतू ने पुलिस को दिए प्रार्थना पत्र में गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि रामजीवन का नौनेर गांव की एक युवती से प्रेम प्रसंग चल रहा था। आरोप है कि युवती के परिजनों ने ही रामजीवन की हत्या कर उसके शव को पेड़ से लटका दिया, ताकि इसे आत्महत्या का रूप दिया जा सके। वहीं, परिजन आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और साक्ष्य जुटाए। फोरेंसिक टीम ने भी जांच के दौरान महत्वपूर्ण नमूने जुटाए हैं। इस संबंध में झरेखापुर चौकी प्रभारी राजेश कुमार सरोज ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा। पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है और जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके अनुसार आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply