सीतापुर के मिश्रिख कोतवाली क्षेत्र में मंगलवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई, जबकि उसकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई। यह हादसा मिश्रिख-सिधौली मार्ग पर काशीपुर गांव के पास उस समय हुआ, जब तेज रफ्तार पिकअप ने सामने से आ रही बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद पिकअप चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। बाइक सवार अम्बुज कुमार (35), पुत्र कल्याण, निवासी खेरवा थाना कमलापुर अपनी पत्नी शांति (32) और एक वर्ष के बच्चे के साथ रामकोट स्थित बुआ के घर से वापस अपने ओर जा रहे थे। इसी दौरान सिधौली की तरफ से आ रहे तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि अम्बुज कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए और सड़क पर गिर पड़े।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई और तुरंत एम्बुलेंस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची एम्बुलेंस से घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मिश्रिख लाया गया, जहां डॉक्टरों ने अम्बुज कुमार को मृत घोषित कर दिया। वहीं, उनकी पत्नी शांति को प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
हादसे के दौरान बाइक पर सवार उनका एक साल का बच्चा भी दूर जा गिरा, लेकिन उसे कोई गंभीर चोट नहीं आई। घटना के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मच गया है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले की जांच की जा रही है और फरार पिकअप चालक की तलाश जारी है।

Leave a Reply