सीतापुर के अटरिया थाना इलाके में चोरी की एक बड़ी वारदात सामने आई है। जहां अज्ञात चोरों ने बंद पड़े घर व दुकान को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के जेवर और करीब 5 लाख की नकदी पर हाथ साफ कर दिया। घटना मनवा क्षेत्र की बताई जा रही है, जहां पीड़ित सलमान के घर में यह वारदात हुई। पीड़ित सलमान के अनुसार, वह अपने साले की शादी में शामिल होने के लिए घर में ताला लगाकर सोमवार सुबह परिवार सहित बाहर गए हुए थे। उन्होंने बताया कि वह सुबह करीब 9 बजे घर से निकले थे और अगले दिन सुबह वह वापस लौटे। जब वह दुकान खोलने पहुंचे तो देखा कि गेट के दोनों ताले टूटे हुए थे। अंदर जाकर देखा तो सारा कीमती सामान गायब था। पुलिस ने मामले की जांच शुरू की सलमान ने बताया कि चोर मुख्य गेट का ताला तोड़कर अंदर दाखिल हुए और घर व दुकान में रखे सोने-चांदी के जेवरात और नकदी चोरी कर ले गए। उनके मुताबिक करीब 25 से 30 लाख रुपये के जेवर और लगभग 5 लाख रुपये नगदी चोरी हुए हैं। इसके अलावा चोर जरूरी दस्तावेज भी अपने साथ ले गए, जिनमें दुकान की चाबी, पासबुक, पैन कार्ड, आधार कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस और दो चेकबुक भी शामिल हैं। घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया। पीड़ित ने मामले की सूचना पुलिस को दे दी है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। साथ ही, घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही मामले का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा। इस घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है और लोग सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंतित नजर आ रहे हैं।

Leave a Reply