DniNews.Live

सीतापुर में ईंट भट्ठे पर मजदूर की संदिग्ध हालत मौत:परिजन और भट्ठा संचालक आमने-सामने, पुलिस जांच जारी

सीतापुर के रामकोट थाना क्षेत्र में एक ईंट भट्ठे पर काम करते समय मजदूर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना कटिया स्थित आरबीएफ ईंट भट्ठे की बताई जा रही है, जहां काम के दौरान 40 वर्षीय मजदूर राजेश कुमार उर्फ रुपेश पुत्र स्वर्गीय बालक निवासी मधवापुर मजरा दारानगर की मौत हो गई। परिजनों के अनुसार, राजेश कुमार सुबह घर से काम करने के लिए भट्ठे पर गया था। मृतक की पत्नी पूनम का आरोप है कि काम के दौरान अचानक ईंटों का चट्टा गिर गया, जिससे वह उसके नीचे दब गया और उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद उसे 108 एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया वहीं, भट्ठा संचालक का कहना है कि मजदूर की मौत किसी दुर्घटना से नहीं, बल्कि बीमारी के चलते हुई है। इस विरोधाभासी बयान ने मामले को और अधिक संदिग्ध बना दिया है। बताया जा रहा है कि मृतक की पत्नी पूनम उस समय लखनऊ में मजदूरी करने गई हुई थी। सूचना मिलने पर वह वापस गांव पहुंची और पुलिस को घटना की जानकारी दी। घटना के बाद से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है और उनका रो-रोकर बुरा हाल है।
मृतक अपने पीछे दो पुत्र और चार पुत्रियों को छोड़ गया है। परिवार की आर्थिक स्थिति पहले से ही कमजोर बताई जा रही है। दुखद बात यह भी है कि बीते छह महीनों में मृतक के परिवार पर कई दुखों का पहाड़ टूट चुका है करीब छह माह पहले उसके पिता की मौत हो गई थी और एक माह पहले उसके भाई का भी निधन हो चुका है। सूचना पर पहुंची रामकोट पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रभारी निरीक्षक पीयूष सिंह का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *