सीतापुर में आकाशीय बिजली गिरी, मां-बेटी की मौत:7 साल की बच्ची झुलसी, कई घरों में लगी आग, ग्रामीणों ने पाया काबू
![]()
सीतापुर में आकाशीय बिजली गिरी, मां-बेटी की मौत:7 साल की बच्ची झुलसी, कई घरों में लगी आग, ग्रामीणों ने पाया काबू
सीतापुर के सदरपुर थाना क्षेत्र के सरैंया चलाकापुर गांव में आकाशीय बिजली गिरने से भीषण आग लग गई, जिससे पूरे गांव में अफरा-तफरी मच गई। घटना के दौरान कई घर आग की चपेट में आ गए और देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। ग्रामीणों ने आग बुझाने का प्रयास किया, तो काफी देर बाद आग पर काबू पाया। हादसे में दो महिलाओं मां बेटी की मौत हो गई। मृतकों में फूलमती पत्नी शत्रुध्न शामिल हैं। दूसरी 60 साल की मां दुरा पत्नी भगौती प्रसाद निवासी बड्डूपुर थाना बाराबंकी है। वहीं, इस घटना में 7 साल की बच्ची माही पुत्री खुनखुन गंभीर रूप से झुलस गई है। वह सीएचसी बिसवा अस्पताल भेजा गया है। बताया जा रहा है कि अचानक आकाशीय बिजली गिरने से एक घर में आग लगी, जो देखते ही देखते आसपास के अन्य घरों में फैल गई। ग्रामीणों ने शोर मचाकर लोगों को घरों से बाहर निकाला और किसी तरह जान बचाई, लेकिन तब तक आग कई घरों को अपनी चपेट में ले चुकी थी। घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन हरकत में आ गया। क्षेत्रीय विधायक आशा मौर्य ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल प्रशासनिक अधिकारियों, पुलिस, फायर ब्रिगेड और स्वास्थ्य विभाग की टीम को मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य करने के निर्देश दिए। वह स्वयं भी घटना स्थल के लिए रवाना हो गईं। फायर ब्रिगेड की टीम ने मौके पर पहुंचकर कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रशासन द्वारा पीड़ित परिवारों को हर संभव सहायता देने का आश्वासन दिया गया है। घटना के बाद पूरे गांव में शोक और दहशत का माहौल बना हुआ है।
Source: Dainik Bhaskar via DNI News
