सीतापुर में शुक्रवार को जिले में मौसम ने अचानक करवट ली, जिससे जनजीवन प्रभावित हो गया। दोपहर बाद घने बादलों ने आसमान को ढक लिया और तेज हवाओं के साथ कई इलाकों में हल्की बारिश शुरू हो गई। मौसम में आए इस बदलाव से तापमान में गिरावट दर्ज की गई, जिससे लोगों को गर्मी से राहत तो मिली, लेकिन किसानों की चिंता बढ़ गई है। ग्रामीण क्षेत्रों में हुई बारिश के कारण तापमान में करीब 4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। दोपहर का न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। शहर क्षेत्र में जहां तेज हवाओं के साथ हल्की बूंदाबांदी हुई, वहीं महमूदाबाद इलाके में हल्की ओलावृष्टि भी देखने को मिली। मौसम के इस बदलाव का सबसे ज्यादा असर किसानों पर पड़ रहा है। महमूदाबाद क्षेत्र के किसान खालिद उमर ने बताया कि यदि इसी तरह तेज हवाओं के साथ बारिश जारी रही तो गेहूं की फसल को भारी नुकसान हो सकता है। उन्होंने कहा कि इस समय फसल पकने की स्थिति में है और तेज हवाएं तथा ओले गिरने से बालियां झुककर खराब हो सकती हैं। उधर, लहरपुर इलाके में तेज हवाओं के कारण एक हादसा भी हो गया। ग्राम मोहद्दीनपुर में अचानक हवा का दबाव बढ़ने से करीब 18 फीट लंबी पक्की दीवार गिर गई, जिसकी चपेट में आकर एक बुजुर्ग किसान घायल हो गया। घायल को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मौसम विभाग के अनुसार फिलहाल मौसम में उतार-चढ़ाव बना रह सकता है। प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है।

Leave a Reply