सीतापुर में पुलिस ने बीते एक माह में अलग अलग जगहों पर हुई एक कार व बैट्री चोरी की घटनाओं का सफल अनावरण करते हुए चार शातिर अंतर्जनपदीय अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। एएसपी आलोक सिंह के निर्देशन में सीओ सिटी विनायक भोसले के नेतृत्व में कोतवाली नगर और स्वाट सर्विलास टीम ने गिरफ्तारी की है। पुलिस टीम ने कनवा खेड़ा सर्विस लेन के पास से मुजफ्फरनगर के मुस्तकीम, शहजाद, फैजल और लखनऊ निवासी अब्बास और मोहम्मद शबी उर्फ हैदर को गिरफ्तार किया। इनके कब्जे से चोरी की एक एस्टीम कार, 6 बड़ी व 6 छोटी बैटरियां, 14.8 किलोग्राम बैट्री बुरादा, 20 हजार रुपये नकद, दो तमंचे 315 बोर, दो जिंदा कारतूस, प्लास और पेचकस बरामद हुए हैं। पूछताछ में अभियुक्तों ने बताया कि वे अलग-अलग शहरों में सुनसान जगहों पर खड़ी गाड़ियों और ई-रिक्शा की रेकी कर उनकी बैटरियां चोरी करते थे। चोरी की बैटरियों को बेचने के साथ ही उन्हें तोड़कर अंदर का सामग्री (रांगा/चूरा) अलग-अलग स्थानों पर बेचते थे। गैंग चोरी की गाड़ियों पर फर्जी नंबर प्लेट लगाकर उनका इस्तेमाल वारदात में करता था। एएसपी आलोक सिंह ने बताया कि अभियुक्तों ने 17 फरवरी को घुरामऊ बंगला क्षेत्र में ई-रिक्शा से बैटरियां चोरी करने और 5 मार्च की रात तरीनपुर ईदगाह के पास 14 गाड़ियों की बैटरियां व एक कार चोरी करने की बात कबूल की है। पुलिस के अनुसार गिरोह के सदस्य विभिन्न जनपदों में सक्रिय थे और इनके खिलाफ कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। एएसपी का कहना है कि इन अभियुक्तों द्वारा चोरी का सामान बेचने वाली जगहों की जानकारी हासिल की जा रही है जल्द ही चोरी की बैटरियां खरीदने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply