छत्रपति शाहूजी महाराज विश्वविद्यालय (सीएसजेएमयू) ने शैक्षिक सत्र 2026-27 के लिए प्रवेश प्रक्रिया की रणनीति तेज कर दी है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने इस बार पहले चरण में ही कैंपस की सभी सीटें भरने का लक्ष्य रखा है। हाल ही में कुलपति प्रोफेसर विनय कुमार पाठक की अध्यक्षता में कैंपस के सभी स्कूलों और विभागों के निदेशकों एवं विभागाध्यक्षों (एचओडी) की महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई। इंटर कालेजों में जाएंगे प्रोफेसर बैठक में कुलपति प्रोफेसर पाठक ने स्पष्ट निर्देश दिए कि इस बार प्रवेश अभियान को व्यापक स्तर पर संचालित किया जाए। उन्होंने कहा कि सभी निदेशक, विभागाध्यक्ष और संकाय सदस्य जिले भर के इंटर कॉलेजों में जाकर छात्र-छात्राओं से संपर्क स्थापित करें। उन्हें 12वीं की परीक्षा देने वाले विद्यार्थियों की सूची प्राप्त करके व्यक्तिगत रूप से फोन करके विश्वविद्यालय के विभिन्न पाठ्यक्रमों की जानकारी देनी होगी। इस पहल का उद्देश्य छात्रों तक सटीक और समय पर शैक्षणिक जानकारी पहुंचाना है। अप्रैल से सभी विभागों में एडमिशन होंगे शुरु विश्वविद्यालय के स्कूल ऑफ लैंग्वेज में प्रवेश की प्रक्रिया पहले ही शुरू हो चुकी है। वहीं, अन्य सभी विभागों में अप्रैल माह से प्रवेश प्रक्रिया के शुरू होने की संभावना जताई गई है। प्रशासन का प्रयास है कि प्रवेश प्रक्रिया में पारदर्शिता और सुगमता बनी रहे और योग्य छात्र-छात्राओं को समय पर प्रवेश सुनिश्चित हो सके। इस कार्ययोजना के तहत विश्वविद्यालय परिसर में शैक्षणिक सत्र की शुरुआत से पूर्व सभी सीटें भरने का लक्ष्य रखा गया है। स्कूल ऑफ लैंग्वेजेज़ प्रवेश प्रारंभ
यूनिवर्सिटी कैंपस के स्कूल ऑफ लैंग्वेजेज़ में नए शैक्षणिक सत्र के लिए प्रवेश प्रक्रिया प्रारंभ हो गई है। इस स्कूल के अंतर्गत हिंदी, अंग्रेजी व संस्कृत विभाग संचालित हैं।
यहां उपलब्ध पाठ्यक्रमों में बीए (ऑनर्स) अंग्रेजी, बीए (ऑनर्स) हिंदी, बीए कॉम्बिनेशन (नई शिक्षा नीति के अंतर्गत विभिन्न विषय विकल्पों के साथ), एमए हिंदी, एमए अंग्रेजी, एमए संस्कृत तथा फ्रेंच और जर्मन भाषाओं के सर्टिफिकेट कोर्स शामिल हैं।
इच्छुक छात्र अधिक जानकारी के लिए डॉ. अंकित त्रिवेदी (9027689350), डॉ. ऋचा शुक्ला (9307453491), डॉ. श्रीप्रकाश (9307012707) एवं डॉ. अंजनी कुमार उपाध्याय (7651884042) से संपर्क कर सकते हैं।

Leave a Reply