DniNews.Live

सीएम का निर्देश-24 घंटे में लगाई जाएं शहीदों की प्रतिमाएं:शाहजहांपुर में एई-जेई निलंबित, फर्म ब्लैकलिस्टेड; बुलडोजर से तोड़ा था

शाहजहांपुर में शहीदों की प्रतिमाओं को बुलडोजर से गिराने के मामले में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संज्ञान लिया है। इसके बाद नगर निगम के जेई प्रमोद कुमार और एई मनोज कुमार को निलंबित कर दिया गया है। कार्यदायी फर्म फ्लाई इंफाटेक को भी ब्लैकलिस्टेड कर दिया गया है। मुख्यमंत्री ने 24 घंटे के भीतर पूरे सम्मान के साथ प्रतिमाओं को उसी स्थान पर फिर से स्थापित करने के निर्देश दिए हैं। यह घटना 22 मार्च की रात शाहजहांपुर के गांधी भवन के सामने हुई थी, जहां शहीद पंडित राम प्रसाद बिस्मिल, अशफाक उल्ला खां और ठाकुर रोशन सिंह की प्रतिमाओं को बुलडोजर से गिरा दिया गया था। घटना का वीडियो सामने आने के बाद यह मामला गरमा गया था।
इस कार्य की देखरेख जेई प्रमोद कुमार और एई मनोज कुमार कर रहे थे। लखनऊ की फर्म फ्लाई इंफाटेक 40 लाख रुपये के अनुबंध पर यह कार्य कर रही थी। मुख्यमंत्री के निर्देश पर जिला प्रशासन ने संबंधित फर्म के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई और उसे ब्लैकलिस्टेड किया। जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने इसकी पुष्टि की है। नगर आयुक्त डॉ. विपिन कुमार मिश्रा ने बताया कि नगर निगम की देखरेख में प्रतिमाओं को स्थापित करने का कार्य शुरू हो गया है। उन्होंने आश्वासन दिया कि निर्धारित समय सीमा के भीतर कार्य पूरा कर लिया जाएगा। प्रतिमाओं को लगाने के लिए स्टैंड भी तैयार हो चुके हैं। प्रतिमाओं को गिराए जाने के बाद मंगलवार को समाजवादी पार्टी और कांग्रेस ने विरोध प्रदर्शन किया था। पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भी सोशल मीडिया पर पोस्ट कर सरकार पर निशाना साधा था।

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *