सीतापुर के नैमिषारण्य थाना क्षेत्र में बुधवार दोपहर करीब 3 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसे में साइकिल सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। तेज रफ्तार सीएनजी ऑटो की टक्कर से हुई इस घटना के बाद परिवार में शोक और इलाके में आक्रोश का माहौल है। जानकारी के अनुसार,थाना क्षेत्र के घैला गांव निवासी 18 वर्षीय जगदीश साइकिल से किसी काम के लिए घर से निकला था। जब वह पियना चौराहे के पास पहुंचा, तभी सामने से आ रहे तेज रफ्तार सीएनजी ऑटो ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि जगदीश ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
हादसे के बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। लोगों ने तत्काल पुलिस को घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही नैमिषारण्य थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया।
घटना के बाद ऑटो चालक वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने ऑटो को कब्जे में ले लिया है और फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है। वहीं, पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मृतक जगदीश की असामयिक मौत से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। स्थानीय लोगों ने तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण लगाने और दोषी चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जल्द ही फरार चालक को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Leave a Reply