DniNews.Live

सिलेंडर मिलने पर लीक कर खुद को जला लूंगा:भांजे की तबीयत बिगड़ी तो मामा ने दी खुद को जलाने की धमकी , सुबह से गैस एजेंसी पर कर रहे थे इंतजार

सरधना कस्बे के कालंद चुंगी चौराहे पर स्थित भारत गैस एजेंसी के बंद रहने से मंगलवार को उपभोक्ताओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। सुबह से ही एजेंसी के बाहर लोगों की लंबी कतार लग गई, लेकिन दोपहर तक भी एजेंसी नहीं खुली। घंटों इंतजार के बाद भी कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। इसी दौरान सरधना-बिनौली रोड निवासी आयुष अपने मामा अंकित शर्मा के साथ सुबह से लाइन में खड़ा था। लंबे समय तक धूप और भीड़ में खड़े रहने के कारण आयुष अचानक बेहोश हो गया। घटना से मौके पर अफरातफरी मच गई और परिजनों ने उसे संभाला। घटना के बाद आक्रोशित अंकित शर्मा ने चेतावनी देते हुए कहा कि जिस दिन सिलेंडर मिलेगा, उसी दिन वह सिलेंडर लीक कर खुद को आग लगा लेंगे। वहीं अन्य उपभोक्ताओं ने बताया कि गैस बुक कराने के बावजूद पिछले तीन दिनों से सिलेंडर नहीं मिल रहा है। रोज सुबह से दोपहर तक एजेंसी के बाहर इंतजार करना पड़ रहा है, लेकिन हर बार निराश होकर लौटना पड़ता है। उपभोक्ताओं ने यह भी आरोप लगाया कि एजेंसी के बाहर लिखे नंबरों पर लगातार फोन किया जा रहा है, लेकिन कोई कॉल रिसीव नहीं हो रही। इस संबंध में एजेंसी के मैनेजर सचिन कुमार से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन नंबर नहीं लगा और मैसेज का भी कोई जवाब नहीं मिला। उपभोक्ताओं ने प्रशासन से जल्द समस्या के समाधान की मांग की है। एसडीएम सरधना उदित नारायण सेंगर ने मामले को गंभीर बताते हुए कहा कि एजेंसी संचालक से जवाब तलब किया जाएगा और उपभोक्ताओं को किसी भी तरह की परेशानी नहीं होने दी जाएगी।

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *