सिद्धार्थनगर जिले के डुमरियागंज थाना क्षेत्र में सोमवार, 23 मार्च को शाम लगभग 6:30 बजे श्रद्धालुओं से भरी एक बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गहरे नाले में जा गिरी। इस घटना में बस चालक और एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि बस में सवार 80 अन्य यात्री बाल-बाल बच गए। बस पलटने से बच जाने के कारण एक बड़ा हादसा टल गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह बस गोंडा जिले के खोड़ारे थाना क्षेत्र के केसव नगर टेकनहवा और चानपुर गांव से श्रद्धालुओं को लेकर बलरामपुर जिले के तुलसीपुर स्थित शक्तिपीठ देवी पाटन मंदिर दर्शन के लिए जा रही थी। देखें, 3 तस्वीरें… डुमरियागंज क्षेत्र में भड़रिया-डुमरियागंज मार्ग पर कादिराबाद गांव के पास सर सैय्यद स्कूल के समीप बस के सामने अचानक एक बाइक सवार आ गया। बाइक सवार को बचाने के प्रयास में चालक ने तेजी से मोड़ लिया, जिससे बस अनियंत्रित होकर सड़क से उतरकर नाले में जा गिरी।
बस के नाले में गिरते ही यात्रियों में चीख-पुकार मच गई और मौके पर कुछ देर के लिए दहशत का माहौल बन गया। हालांकि, बस की गति कम होने और चालक की सूझबूझ से बस पलटने से बच गई, जिससे बड़ा नुकसान टल गया।
घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया। स्थानीय लोगों ने बस की खिड़कियां और दरवाजे खोलकर सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला। कई यात्रियों को कीचड़ और पानी के बीच से निकालने में ग्रामीणों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। सूचना मिलने पर डुमरियागंज पुलिस भी मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। घायल यात्रियों को तत्काल नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया, जहां उनका उपचार चल रहा है। पुलिस ने बस को नाले से निकालने की व्यवस्था शुरू कर दी है और मामले की जांच जारी है।

Leave a Reply