DniNews.Live

सिकंदराबाद के भाजपा विधायक बोले–स्टेडियम बनवाया:मेट्रो को सिकंदराबाद तक लाना मेरा टारगेट; संगठन तय करेगा टिकट मिलेगा या नहीं

बुलंदशहर की सिकंदराबाद विधानसभा सीट से भाजपा विधायक लक्ष्मीराज सिंह ने पिछले चार साल में करोड़ों रुपये के विकास कार्य कराने का दावा किया है। 2022 में पहली बार विधानसभा चुनाव जीतने वाले लक्ष्मीराज सिंह जिले के सबसे युवा विधायकों में गिने जाते हैं। उनका राजनीतिक सफर भाजपा की छात्र इकाई एबीवीपी (अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद) से शुरू हुआ। वह आईपी कॉलेज से छात्रसंघ के अध्यक्ष भी रहे। इसके बाद वह भाजपा युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष भी बने। उनका राजनीतिक सफर काफी संघर्ष भरा रहा है। संगठन में उनके कार्य को देखते हुए पार्टी ने 2022 में मौजूदा दो बार की विधायक विमला सोलंकी का टिकट काटकर लक्ष्मीराज सिंह को मैदान में उतारा था। लक्ष्मीराज सिंह की गिनती मुख्यमंत्री के करीबी विधायकों में की जाती है। भास्कर रिपोर्टर ने विधायक से खास बातचीत की। पढ़िए पूरा इंटरव्यू… सवाल: पिछले 4 साल के अपने कामकाज को आप 10 में से कितने नंबर देंगे?
जवाब: देखिए, नंबर देने का काम जनता का है। मेरा काम है उनकी बात सुनना और उनके लिए काम करना। अगर आप जनता के बीच जाकर उनसे पूछेंगे तो ज्यादा बेहतर रहेगा। हर आदमी कहता है कि उसने सबकुछ किया है। मैं लगातार प्रयास कर रहा हूं कि जनता की सभी समस्याओं का समाधान कर सकूं। सवाल: सबसे बड़ा काम आपने कौन सा कराया?
जवाब: मुझे मेरी पार्टी ने अवसर दिया और मैं अपनी जनता के बीच हूं। लोगों की समस्याओं को दूर करने के लिए लगातार काम कर रहा हूं। औद्योगिक विकास क्षेत्र में मैंने 100 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्य कराए हैं। इसके अलावा टोल की समस्या रहती थी, इसलिए टोल के दोनों गेट अलग-अलग कराए गए। डूडा के माध्यम से भी करोड़ों रुपये के काम कराए गए हैं। जिले का शायद ही कोई गांव ऐसा होगा, जहां मेरे द्वारा विकास कार्य न कराया गया हो। अभी एक साल का कार्यकाल बाकी है। मैंने एक क्रम बनाया है कि हर गांव के हर घर तक पहुंचना है। इसी क्रम में मैं अब तक करीब 160 गांवों तक पहुंच चुका हूं। बाकी बचे गांवों में भी जल्द जाऊंगा। पीडब्ल्यूडी के माध्यम से करोड़ों रुपये की सड़कों का निर्माण कराया गया है। सिकंदराबाद से गुलावठी मार्ग, सिकंदराबाद आबादी मार्ग, गुलावठी आबादी मार्ग और ककोड़ आबादी मार्ग सहित कई सड़कों का निर्माण कराया गया है। इसके अलावा युवाओं के लिए दो स्टेडियम भी बनवाए गए हैं। जनता का आशीर्वाद मेरे साथ है। भाजपा विकास के लिए जानी जाती है। मेरा लक्ष्य है कि पूरे प्रदेश की विधानसभाओं में सिकंदराबाद को अव्वल बनाया जाए। पहले हमें ढाई करोड़ रुपये की विधायक निधि मिलती थी, अब यह बढ़कर 5 करोड़ रुपये हो गई है। इसके अलावा विभिन्न विभागों, जिला पंचायत और ब्लॉक के माध्यम से भी विकास कार्य कराए जा रहे हैं। मेरा प्रयास है कि जनसेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। सवाल: ऐसा कौन सा काम है जिसे आप नहीं करा पाए?
जवाब: मेट्रो को सिकंदराबाद तक लाना मेरा लक्ष्य है। इसके अलावा एक डिग्री कॉलेज के लिए भी मैं प्रयासरत हूं। सवाल: क्या इस बार भी आप टिकट के दावेदार हैं?
जवाब: हमारे यहां पार्टी संगठन ही सब तय करता है। टिकट देने की एक स्वतंत्र प्रक्रिया है। मैं तो एक सामान्य कार्यकर्ता था। बूथ अध्यक्ष से लेकर जिलाध्यक्ष तक पार्टी ने मुझे जिम्मेदारी दी है। हमारे यहां पार्टी ही सभी फैसले करती है। मेरा काम सिर्फ काम करना है। सवाल: यदि अगली बार भी विधायक बने तो क्या प्राथमिकता रहेगी?
जवाब: मेरा सपना है कि यहां एक बड़ा स्टेडियम बनवाया जाए। यह मेरी प्राथमिकता रहेगी। इसके अलावा यहां एक बड़ा बस स्टैंड भी बनाया जाएगा। मैं चाहता हूं कि मेट्रो से जनता को सुविधा मिले, इसलिए सिकंदराबाद को मेट्रो से जोड़ने का प्रयास करूंगा।

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *