दरभंगा जिले के सिंहवाड़ा थाना क्षेत्र के पेठिया-गाछी मेन-टोला, वार्ड-संख्या-12 में 24 वर्षीय विवाहिता रानी कुमारी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। इस घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने दहेज हत्या के आरोप में मृतका के पति लालबाबू यादव और ससुर अर्जुन यादव को गिरफ्तार कर लिया है। सूचना मिलने पर सिंहवाड़ा थाना प्रभारी बसंत कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की छानबीन की। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच भेज दिया गया है। पुलिस पूछताछ में मृतका के पति लालबाबू यादव ने बताया कि रानी कुमारी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। उसने बताया कि बीती रात करीब 9 बजे वह पत्नी और दोनों बच्चों के साथ एक कमरे में सोया था। सुबह 6 बजे बड़े बच्चे के चाय मांगने पर वह बाहर गया और लगभग एक घंटे बाद लौटने पर पत्नी को फंदे से लटका पाया। वहीं मृतका की मां शांति देवी ने बताया कि घटना से एक रात पहले करीब 9 बजे बेटी ने फोन कर बताया था कि पति और सास उसके साथ झगड़ा कर रहे हैं। इसके बाद बेटी ने फोन काट दिया और सुबह उन्हें बेटी की मौत की सूचना मिली। मां का आरोप है कि उनकी बेटी की गला दबाकर हत्या की गई है। मृतका के मौसेरे भाई सोनू कुमार ने बताया कि रानी कुमारी की शादी करीब छह वर्ष पहले तय हुई थी। शादी तय करते समय लड़के पक्ष ने दहेज की मांग रखी थी। शादी तय होने के लगभग एक माह बाद ही मृतका के पिता का निधन हो गया, जिसके बाद परिवार ने दहेज की मांग पूरी न कर पाने के कारण शादी से पीछे हटने की बात कही थी। हालांकि, लड़के के पिता ने उस समय आश्वासन दिया था कि उन्हें किसी प्रकार का दहेज नहीं चाहिए और बिना दहेज के ही शादी कराई जाएगी। इसके बाद शादी संपन्न हो गई। लेकिन शादी के बाद से ही मृतका को लगातार दहेज के लिए प्रताड़ित किया जाने लगा। मृतका की मां विधवा थीं और उसका भाई छोटा था, जिससे परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर थी। इसके बावजूद ससुराल पक्ष द्वारा आए दिन मारपीट और मानसिक प्रताड़ना की जाती थी। प्रताड़ना से तंग आकर मृतका कई बार अपने मायके आकर रहने लगी। बीते आठ महीने से वह अपने मायके में ही रह रही थी। इस दौरान उसका पति दिल्ली में काम कर रहा था, जो करीब दस दिन पहले ही गांव लौटा था। गांव आने के बाद वह मृतका को लेने उसके मायके गया। मृतका ससुराल जाने को तैयार नहीं थी, लेकिन पति के बार-बार आश्वासन देने पर कि अब उसके साथ कुछ नहीं होगा, वह करीब दस दिन पहले ससुराल चली गई। आरोप है कि बीती रात दहेज की वजह से मृतका के साथ मारपीट की गई और गला दबाकर उसकी हत्या कर दी गई। परिजनों ने प्रशासन से दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। मृतका के दो छोटे बच्चे हैं। वार्ड सदस्य सरोज कुमार यादव ने बताया कि सुबह जब वे मौके पर पहुंचे तो महिला का शव बरामदे में कंबल से ढका हुआ था और गले पर स्पष्ट निशान दिखाई दे रहे थे, जिससे घटना संदिग्ध प्रतीत होती है। थानाध्यक्ष बसंत कुमार ने बताया कि डायल-112 पर सूचना मिली थी कि एक महिला ने फांसी लगाकर आत्महत्या की है। मौके पर पहुंचने के बाद परिजनों ने दहेज प्रताड़ना और हत्या का आरोप लगाया। मृतका की मां के बयान के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पति लाल यादव और ससुर अर्जुन यादव को गिरफ्तार कर पूछताछ शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी। मृतका रानी कुमारी मूल रूप से मुजफ्फरपुर जिले के पियर थाना क्षेत्र अंतर्गत मोहनपुर, वार्ड-संख्या-1 की रहने वाली थी।
https://ift.tt/ObFlX1g
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply