घाटमपुर के साढ़ थाना अंतर्गत बरईगढ़ मजरा गणेशीपुर गांव में मकान की नींव (पिलर) की खुदाई को लेकर दो पक्ष आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते कहासुनी ने हिंसक रूप ले लिया और दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट हो गई। इस घटना में दोनों तरफ से कुल पांच लोग घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए भेजा गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार गांव निवासी अवधेश पुत्र मनसुख ने साढ़ थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया कि उनके घर के पीछे स्थित प्लॉट से सटे स्थान पर सुरेंद्र नींव की खुदाई कर रहा था। मना करने पर सुरेंद्र गाली-गलौज करने लगा। विरोध करने पर सुरेंद्र के भाई मौजीलाल और रामसुमेर भी मौके पर आ गए और मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान अवधेश, उनकी पत्नी श्रीमती, पुत्र आलोक सहित तीन लोग घायल हो गए। वहीं, दूसरे पक्ष से मौजीलाल ने भी थाने में लिखित शिकायत देकर आरोप लगाए हैं। इस पक्ष से मौजीलाल और रामसुमेर घायल बताए जा रहे हैं। साढ़ थाना प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि दोनों पक्षों से तहरीर प्राप्त हुई है। घायलों को मेडिकल परीक्षण के लिए भेज दिया गया है। मामले की जांच की जा रही है, जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply