![]()
साइबर धोखाधड़ी के 20 हजार रुपए पुलिस ने वापस कराए:सोनभद्र के पन्नूगंज में पीड़ित के खाते में लौटाए गए पैसे
सोनभद्र जिले के पन्नूगंज थाना क्षेत्र में साइबर धोखाधड़ी का शिकार हुए एक व्यक्ति को पुलिस ने राहत दिलाई है। थाना पन्नूगंज की साइबर टीम ने आवेदक सूर्या प्रताप के साथ हुई 20,000 रुपये की धोखाधड़ी की पूरी राशि उसके मूल बैंक खाते में सफलतापूर्वक वापस करा दी है। लखनवार कला निवासी सूर्या प्रताप के साथ साइबर जालसाजों ने 20,000 रुपये की ठगी की थी। यह राशि एक अज्ञात खाते में ट्रांसफर कर दी गई थी। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देश पर साइबर अपराधों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत प्रभारी निरीक्षक पन्नूगंज कुमुद शेखर सिंह के नेतृत्व में थाना पन्नूगंज की साइबर टीम ने जांच शुरू की। टीम ने NCRP पोर्टल का अवलोकन कर धोखाधड़ी से संबंधित खाते में धनराशि को होल्ड कराया। इसके बाद, NCRP पोर्टल से लेनदेन से जुड़े आवश्यक साक्ष्य जुटाए गए और संबंधित बैंक को ईमेल/पत्राचार के माध्यम से संपर्क किया गया। इन प्रयासों के परिणामस्वरूप, धोखाधड़ी की गई पूरी 20,000 रुपये की राशि आवेदक के मूल बैंक खाते में वापस आ गई। इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक थाना पन्नूगंज कुमुद शेखर सिंह, साइबर हेल्प डेस्क के कांस्टेबल शिवशंकर कुमार सिंह और महिला कांस्टेबल कात्यायनी सिंह शामिल थीं। पुलिस ने जनता से अपील की है कि वे किसी भी अज्ञात व्यक्ति को अपनी व्यक्तिगत और बैंकिंग जानकारी जैसे आधार कार्ड, पैन कार्ड, पासपोर्ट, अकाउंट नंबर, नेट बैंकिंग विवरण, पासवर्ड या ओटीपी साझा न करें। साइबर अपराध होने पर तत्काल हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें, नजदीकी थाने में रिपोर्ट करें या cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराएं।
Source: Dainik Bhaskar via DNI News

Leave a Reply