DniNews.Live

सांसद संजय सिंह ने चिकित्साधिकारी को हटाने की मांग की:जगदीशपुर सीएचसी में 12 साल से तैनात, भ्रष्टाचार के आरोप

राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने अमेठी के जगदीशपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में तैनात एक चिकित्साधिकारी को हटाने की मांग की है। उन्होंने इस संबंध में प्रमुख सचिव स्वास्थ्य को पत्र लिखा है। सांसद ने चिकित्साधिकारी पर 12 वर्षों से एक ही स्थान पर नियम विरुद्ध कार्यरत रहने और भ्रष्टाचार में लिप्त होने का आरोप लगाया है। पत्र में उल्लेख किया गया है कि डॉ. संजय कुमार नामक चिकित्साधिकारी पिछले 12 वर्षों से जगदीशपुर सीएचसी में ही तैनात हैं। यह स्थिति प्रदेश सरकार की स्थानांतरण नीति का स्पष्ट उल्लंघन है, जिसके तहत एक अधिकारी को इतने लंबे समय तक एक ही स्थान पर नहीं रखा जा सकता। सांसद ने मुख्यमंत्री के ‘भ्रष्टाचार पर जीरो टॉलरेंस’ के सिद्धांत का हवाला दिया। उन्होंने कहा कि किसी भी अधिकारी की तीन वर्ष से अधिक की तैनाती भ्रष्टाचार को बढ़ावा देती है। संजय सिंह ने इस मामले को शासन और प्रशासन की कार्यशैली पर गंभीर प्रश्नचिह्न लगाने वाला बताया है। संजय सिंह ने बताया कि इस मामले की जानकारी पहले भी स्वास्थ्य मंत्रालय और संबंधित अधिकारियों को दी जा चुकी है। हालांकि, अब तक इस पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। उन्होंने प्रशासन की इस चुप्पी पर सवाल उठाते हुए इसे जनस्वास्थ्य सेवाओं की पारदर्शिता के लिए हानिकारक करार दिया। सांसद ने प्रमुख सचिव स्वास्थ्य से अनुरोध किया है कि वे इस प्रकरण का संज्ञान लें। उन्होंने तत्काल निष्पक्ष जांच कराने और संबंधित अधिकारी के विरुद्ध नियमानुसार स्थानांतरण तथा दंडात्मक कार्रवाई करने की मांग की है।

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *