DniNews.Live

सहारनपुर में 15 लाख की लागत से नई सड़क बनेगी:महापौर ने कहा- यह बुनियादी ढांचे की रीढ़ है, क्षेत्र का विकास होगा

सहारनपुर नगर निगम क्षेत्र के वार्ड 33 स्थित प्रेमनगर स्टेट बैंक कॉलोनी में बुधवार को सड़क निर्माण कार्य का विधिवत शुभारंभ किया गया। महापौर डॉ. अजय कुमार ने वेद मंत्रोच्चार और पूजा-अर्चना के साथ गेंती चलाकर निर्माण कार्य की शुरुआत की। इस सड़क के निर्माण पर लगभग 15 लाख रुपये की लागत आएगी। कार्यक्रम के दौरान महापौर डॉ. अजय कुमार का स्थानीय निवासियों ने गर्मजोशी से स्वागत किया। लंबे समय से सड़क निर्माण की मांग कर रहे क्षेत्रवासियों में कार्य शुरू होने से उत्साह देखा गया। महापौर ने बताया कि निवासियों की मांग को प्राथमिकता देते हुए इस कार्य को नगर निगम की योजना में शामिल किया गया है। इस अवसर पर आयोजित सभा को संबोधित करते हुए महापौर डॉ. अजय कुमार ने कहा कि सड़कें और नालियां किसी भी क्षेत्र के बुनियादी ढांचे की रीढ़ होती हैं। उन्होंने बताया कि बेहतर सड़कें न केवल आवागमन को सुगम बनाती हैं, बल्कि क्षेत्र के समग्र विकास, स्वच्छता और आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा देती हैं। महापौर ने यह भी कहा कि नगर निगम ‘एक कदम विकास की ओर, अंधेरी ठहराव से प्रकाश की ओर’ के संकल्प के साथ महानगर में लगातार विकास कार्य करा रहा है। उन्होंने बताया कि इस सड़क के निर्माण से क्षेत्र के लोगों को जलभराव और खराब रास्तों की समस्या से राहत मिलेगी, जिससे उनका दैनिक जीवन आसान होगा। उन्होंने जोड़ा कि सड़क बनने से क्षेत्र में संपत्ति का मूल्य बढ़ेगा और आसपास के इलाकों का विकास भी तेजी से होगा। महापौर ने आश्वासन दिया कि नगर निगम भविष्य में भी इसी तरह जनता की आवश्यकताओं के अनुरूप विकास कार्यों को प्राथमिकता देता रहेगा। इस मौके पर मंडल अध्यक्ष जोगिंदर लाला, मंडल महामंत्री जयवीर खटाना, पार्षद प्रतिनिधि संदीप चौधरी सहित क्षेत्र के अनेक गणमान्य नागरिक और स्थानीय निवासी उपस्थित रहे।

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *