DniNews.Live

सहारनपुर में ‘स्कूल चलो अभियान’ शुरू:15 अप्रैल तक नामांकन बढ़ाने पर जोर, प्रचार वाहन रवाना

सहारनपुर में बुधवार को विकास भवन सभागार में शैक्षिक सत्र 2026-27 के तहत ‘स्कूल चलो अभियान’ का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर रामपुर मनिहारान के विधायक देवेंद्र निम, जिला विद्यालय निरीक्षक अरविंद पाठक और जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कुमारी कोमल सहित कई अधिकारी उपस्थित रहे। अभियान के पहले दिन नामांकन बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया। कार्यक्रम की शुरुआत प्राथमिक विद्यालय मनोहरपुर की छात्रा पीहू और कमेला कॉलोनी की छात्रा मरियम के सांकेतिक नामांकन से हुई। नवप्रवेशित बच्चों को निशुल्क पाठ्य पुस्तकें और स्टेशनरी वितरित की गईं। उच्च प्राथमिक विद्यालय घाटहेड़ा की छात्राओं ने सरस्वती वंदना और स्वागत गीत प्रस्तुत किए, जबकि चोरा देव विद्यालय की छात्राओं ने एक लघु नाटिका के माध्यम से शिक्षा के महत्व को दर्शाया। केजीबीवी नगर की छात्रा सना ने बालिका शिक्षा पर अपने विचार साझा किए और सभी बच्चों से नियमित पढ़ाई करने का आह्वान किया। इस दौरान कक्षा 1 से 8 तक के विद्यार्थियों को निशुल्क पाठ्य सामग्री भी वितरित की गई। विधायक देवेंद्र नीम ने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षा के प्रति गंभीर है, जिसका प्रमाण सत्र के पहले दिन ही पाठ्य पुस्तकों का वितरण है। उन्होंने शिक्षकों और स्टाफ से अपील की कि वे अंतिम छोर तक के बच्चों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाएं और नामांकन बढ़ाने में सक्रिय भूमिका निभाएं। जिला विद्यालय निरीक्षक अरविंद पाठक ने बताया कि सरकार छात्रों को यूनिफॉर्म, जूते-मोजे, बैग और अन्य सुविधाएं उपलब्ध करा रही है। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कुमारी कोमल ने जानकारी दी कि अभियान का पहला चरण 1 से 15 अप्रैल तक और दूसरा चरण 1 से 15 जुलाई तक चलेगा। इन चरणों में विशेष रूप से वंचित और श्रमिक परिवारों के बच्चों का नामांकन सुनिश्चित किया जाएगा। कार्यक्रम के समापन पर प्रचार वाहन और जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। इस अवसर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले प्रधानाध्यापकों को सम्मानित भी किया गया।

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *