DniNews.Live

सहारनपुर में युवक पर जानलेवा हमला:फायरिंग का आरोप, पुलिस ने एक आरोपी को किया अरेस्ट

सहारनपुर में एक युवक पर जानलेवा हमले का मामला सामने आया है। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर केस दर्ज कर बुधवार को एक आरोपी को अरेस्ट कर लिया है, जबकि अन्य की तलाश जारी है। यह घटना थाना सदर बाजार क्षेत्र की है। थाना सदर बाजार क्षेत्र के विनय विहार, हिम्मतनगर निवासी शांतनु पुत्र कैलाश नाथ जायसवाल ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 30 मार्च 2026 की शाम वह अपनी कॉलोनी में खड़ा था। इसी दौरान काशीराम कॉलोनी की ओर से 10-15 युवक कई बाइकों पर सवार होकर वहां पहुंचे। आरोप है कि उनके हाथों में लाठी-डंडे, सरिया और तमंचे थे। शांतनु के अनुसार, हमलावरों ने उसे देखते ही घेर लिया और जान से मारने की नीयत से हमला कर दिया। शांतनु ने आरोप लगाया कि हमलावरों ने तमंचों से फायरिंग भी की, जिससे वह डरकर भागा। आसपास के लोगों ने हस्तक्षेप कर उसकी जान बचाई। इस हमले में शांतनु के सिर में चोट आई है। शांतनु ने अपनी तहरीर में यह भी बताया कि लगभग तीन महीने पहले भी इन्हीं आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की थी, जिसके बाद वह मुंबई चला गया था। हाल ही में उसके वापस लौटने की जानकारी मिलने पर आरोपियों ने उस पर दोबारा हमला कर दिया। पीड़ित ने हमलावरों में विनित उर्फ कागंडा, मोन्टी शिशोदिया, करन बाल्मिकी, रोहित उर्फ लेफ्टी और हिमांशु उर्फ हिटलर सहित कुछ अन्य अज्ञात लोगों को पहचाना है। थाना सदर बाजार पुलिस ने शिकायत के आधार पर विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। थाना अध्यक्ष कपिल देव ने बताया कि एसएसपी के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत इस मामले में त्वरित कार्रवाई की गई है। पुलिस ने वांछित आरोपी आशीष बत्रा पुत्र राकेश कुमार निवासी टैगोर गार्डन को अरेस्ट कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी को कोर्ट में पेश किया जाएगा, और अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *