DniNews.Live

सहारनपुर में युवक ने लगाई फांसी:परिजन बोले–महीनों पहले भाई गया था… अब कैफ भी चला गया, प्रॉपर्टी को लेकर हुआ विवाद

सहारनपुर में थाना कोतवाली नगर क्षेत्र के मोहल्ला शमादार में मोहम्मद कैफ नाम का युवक अपने ही घर में संदिग्ध हालात में फंदे पर लटका मिला। कुछ ही महीने पहले उसके भाई की भी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो चुकी थी। अब दूसरे बेटे के चले जाने से परिवार पूरी तरह टूट गया है। परिजनों के अनुसार, कैफ बीती रात अपने कमरे में सोने गया था। सुबह देर तक जब कमरे का दरवाजा नहीं खुला तो परिजनों को चिंता हुई। खिड़की से झांककर देखा गया तो कैफ का शव पंखे से लटका मिला। यह दृश्य देखते ही परिवार में कोहराम मच गया। मां-बाप की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर दौड़ पड़े, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। घटना की सूचना मिलते ही थाना नगर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस के साथ फॉरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर कमरे की बारीकी से जांच की और साक्ष्य जुटाए। बताया जा रहा है कि कैफ पिछले कुछ समय से मानसिक तनाव और पारिवारिक समस्याओं से जूझ रहा था। हालांकि, उसकी मौत के पीछे असली वजह अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है। दूसरी ओर, मृतक के पिता तौफीक अहमद ने बेटे की मौत को लेकर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि परिवार में प्रॉपर्टी को लेकर विवाद चल रहा था और इसी विवाद के चलते उनके बेटे को मानसिक रूप से परेशान किया जा रहा था। स्थानीय पार्षद नदीम अंसारी के मुताबिक, सुबह सूचना मिली कि मोहम्मद कैफ ने फांसी लगा ली है। परिजन उसे तुरंत डॉक्टर के पास ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। परिजनों से तहरीर लेकर आगे की कार्रवाई की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा।

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *