DniNews.Live

सहारनपुर में बुजुर्ग से 2.43 लाख की साइबर ठगी:सीनियर सिटीजन कार्ड के नाम पर फर्जी ऐप डाउनलोड कराकर खाते से पैसे उड़ाए

सहारनपुर के देवबंद कस्बे में साइबर ठगी का मामला सामने आया है। यहां एक बुजुर्ग व्यक्ति से सीनियर सिटीजन कार्ड बनवाने के नाम पर 2,43,014.93 रुपए की धोखाधड़ी कर ली गई। पीड़ित ने थाना देवबंद में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। थाना देवबंद क्षेत्र की गली सिरियावली निवासी सुनील कुमार गुप्ता ने पुलिस को बताया कि 19 मार्च 2026 को उनके मोबाइल पर कॉल आई। कॉल करने वाले ने खुद को पंजाब नेशनल बैंक मुंबई का कर्मचारी बताया और सीनियर सिटीजन कार्ड बनवाने की बात कही। जब उन्होंने सहमति दी, तो आरोपी ने ‘pnb one.apk’नाम का एक ऐप डाउनलोड कराया। पीड़ित के अनुसार, आरोपी फोन पर बताता रहा और वो उसके बताए अनुसार प्रक्रिया करते रहे। इसके बाद उनके पीएनबी खाते से तीन बार में कुल 2,43,014.93 रुपए ऑनलाइन ट्रांजेक्शन के माध्यम से निकाल लिए गए। घटना का पता चलने पर उन्होंने अपना बैंक खाता बंद करा दिया। आरोपी ने पीड़ित से आधार कार्ड और पैन कार्ड की फोटो भी मांगी, जिसे उन्होंने दूसरे मोबाइल नंबर पर व्हाट्सएप के जरिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि इन दस्तावेजों का दुरुपयोग भी किया जा सकता है। पीड़ित ने तहरीर में बताया कि आरोपी ने फोन पर बात करते हुए धोखाधड़ी की और उनके खाते से रकम निकाल ली। बुजुर्ग ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। वहीं, थाना देवबंद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और साइबर सेल को भी सूचना दी गई है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान कॉल पर बैंक संबंधी जानकारी साझा न करें और किसी संदिग्ध ऐप या लिंक को डाउनलोड न करें।

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *