गंगोह-सहारनपुर मार्ग पर गुरुवार शाम एक हादसे में बाइक पर लिफ्ट लेकर आ रही एक महिला की पेड़ की टहनी गिरने से मौत हो गई। यह घटना गांव रंधेडी और बीराखेड़ी के बीच हुई, जहां अचानक पेड़ की एक भारी टहनी टूटकर महिला के ऊपर आ गिरी। शामली जनपद के गांव टपराना निवासी 36 वर्षीय रेखा इन दिनों गंगोह क्षेत्र के गांव कलसी स्थित अपने मायके आई हुई थीं। गुरुवार शाम वह सहारनपुर रोड से कलसी लौटने के लिए एक बाइक सवार युवक से लिफ्ट लेकर आ रही थीं। जैसे ही बाइक गांव रंधेडी और बीराखेड़ी के पास पहुंची, तभी अचानक पेड़ की एक टहनी टूटकर रेखा के ऊपर गिर गई। टहनी लगने से वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गईं। हालांकि, बाइक चालक सुरक्षित बच गया और मौके से चला गया। हादसे के कुछ देर बाद पीछे से आ रहे बाइक सवार राहगीर अंकित कश्यप और देवेंद्र पांचाल ने घायल महिला को देखा। उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से महिला को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। महिला की पहचान उसके पर्स में मिले आधार कार्ड और मोबाइल फोन के जरिए हुई। कोतवाली प्रभारी संजीव कुमार ने बताया कि परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है और मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply