सहारनपुर जिले में एक सनसनीखेज घटना सामने आई है, जहां पुलिस कस्टडी में एक युवती को उसके ही छोटे भाई ने गोली मार दी। घटना थाना फतेहपुर क्षेत्र के गांव रामखेड़ी की है। घायल युवती की पहचान राखी (25) के रूप में हुई है, जिसे गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जानकारी के अनुसार, राखी चार दिन पहले गांव के ही एक युवक के साथ घर से फरार हो गई थी। इस मामले में उसके छोटे भाई रवि ने थाना फतेहपुर में गांव कंदेला निवासी लवकुश और गोविंद के खिलाफ अपहरण का मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए देर रात युवती को बरामद कर लिया और आगे की कानूनी प्रक्रिया के तहत उसे मेडिकल परीक्षण के लिए ले जाया जा रहा था। बताया जा रहा है कि जब पुलिस टीम युवती को मेडिकल कराने के लिए लेकर पहुंची, उसी दौरान उसका छोटा भाई रवि मौके पर तमंचा लेकर पहुंच गया। उसने पुलिस की मौजूदगी में ही अपनी बहन के सिर पर सटाकर गोली चला दी। गोली लगते ही राखी मौके पर गिर पड़ी, जिससे वहां अफरा-तफरी मच गई। घटना के तुरंत बाद पुलिस ने घायल युवती को पास के अस्पताल में भर्ती कराया, जहां से उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। बाद में उसे दिल्ली रोड स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। पुलिस ने आरोपी भाई को हिरासत में ले लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। इस घटना ने कानून-व्यवस्था और पुलिस सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Leave a Reply