सहारनपुर पुलिस ने रविवार को एक नशा तस्कर को अरेस्ट किया है। आरोपी के कब्जे से 261 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 52 लाख रुपये आंकी गई है। यह कार्रवाई थाना नकुड़ पुलिस ने ‘ऑपरेशन सवेरा’ अभियान के तहत रविवार को की। सीओ रुचि गुप्ता ने बताया कि डीआईजी अभिषेक सिंह के निर्देश पर मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध कारोबार पर रोक लगाने के लिए ‘ऑपरेशन सवेरा’ अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में एसएसपी अभिनंदन के निर्देश पर नकुड़ थाना अध्यक्ष धर्मेन्द्र कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम कार्रवाई कर रही थी। रविवार को पुलिस टीम चेकिंग कर रही थी, तभी मुखबिर से सूचना मिली कि अम्बेहटापीर-गंगोह रोड से गांव अम्बेहटी जाने वाले रास्ते पर एक संदिग्ध व्यक्ति खड़ा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस को देखकर आरोपी ने भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने घेराबंदी कर उसे दबोच लिया। पकड़े गए आरोपी की पहचान नकुड़ थाना क्षेत्र के गांव घाटमपुर निवासी मुबीन पुत्र अलीम उर्फ आलिम के रूप में हुई है। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 261 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई। इसके बाद पुलिस आरोपी को थाने ले आई और बरामदगी के आधार पर उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी मुबीन पहले से ही इसी थाने के एक अन्य एनडीपीएस एक्ट के मामले में वांछित था। पुलिस उसके नशा तस्करी से जुड़े फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंक की जांच कर रही है। आरोपी का आपराधिक इतिहास भी खंगाला गया है, जिसमें उसके खिलाफ पहले भी एनडीपीएस एक्ट के साथ-साथ मारपीट और धमकी से जुड़े मामले दर्ज पाए गए हैं। आरोपी के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई कर उसे कोर्ट में पेश किया जा रहा है। इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक धर्मेन्द्र कुमार, एसआई देवेन्द्र अधाना समेत पुलिस टीम के अन्य सदस्यों की अहम भूमिका रही। पुलिस का कहना है कि जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान इसी तरह जारी रहेगा।

Leave a Reply