सहारनपुर नगरायुक्त शिपू गिरि ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि नाली-नालों की सफाई के बाद निकलने वाली सिल्ट सड़क पर एक दिन से अधिक न रहने दी जाए। उन्होंने नगर स्वास्थ्य अधिकारी को सभी वार्डों में नाले-नालियों की सफाई की स्थिति का सत्यापन करने के निर्देश भी दिए। साथ ही शहर के कूड़ाघरों पर पेंटिंग कराने और उनके दरवाजों की मरम्मत कराने को कहा। नगरायुक्त निगम के शाकंभरी सभागार में आयोजित जिला व्यापार बंधु की बैठक में समस्याओं के निस्तारण पर विस्तार से चर्चा कर रहे थे। इसके बाद उन्होंने जिला उद्योग बंधु की बैठक को भी संबोधित किया। बैठक में व्यापारी नुसरत साबरी ने पांवधोई की सफाई का मुद्दा उठाया। इस पर अधिकारियों ने बताया कि वर्तमान में ढमोला की पोकलेन मशीन से सफाई कराई जा रही है, जिसके बाद पांवधोई की सफाई कराई जाएगी। मुकुंद मनोहर गोयल ने शहीद गंज से अंसारी रोड होते हुए पांवधोई नदी तक जाने वाले नाले की जर्जर स्थिति का मामला उठाया। इस पर नगरायुक्त ने मुख्य अभियंता निर्माण को नाले के सुधार के लिए आगणन तैयार कराने के निर्देश दिए। व्यापारी रोहित घई ने हकीकत नगर में सीएम ग्रिड की कार्यदायी संस्था द्वारा एक निजी प्लॉट में पिछले एक वर्ष से पड़े बड़े पाइप हटवाने की मांग की। इस पर मुख्य अभियंता को कार्रवाई के निर्देश दिए गए। इसके अलावा लोहानी सराय के शौचालय की मरम्मत, पालिका बाजार सब्जी मंडी पुल के पास यूरिनल निर्माण, अंसारी रोड पर शिवालिक बैंक के पास सड़क के गड्ढों की मरम्मत, शौचालयों की सफाई, पुल खुमरान का कूड़ाघर हटाने और हकीकत नगर में अतिक्रमण हटाने जैसे मुद्दे भी उठाए गए। व्यापारी हरपाल सिंह, जसवंत बतरा, नरेश धीमान और राजेश गुलाटी ने भी विभिन्न समस्याओं की ओर ध्यान दिलाया। अतिक्रमण हटाओ अभियान जिला उद्योग बंधु की बैठक में आईआईए, लघु उद्योग भारती, होजरी एसोसिएशन और सीआईएस से जुड़े उद्यमियों—सुनील सैनी, गौरव चौपड़ा, विकास मलिक, रविंद्र मिगलानी और आशीष मित्तल ने जनता रोड पर अतिक्रमण का मुद्दा उठाया। अतिक्रमण सह-प्रभारी सुधीर शर्मा ने बताया कि जनता रोड पर अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया है और कई दुकानदारों ने स्वयं ही सामान हटाना शुरू कर दिया है। शेष अतिक्रमण भी हटाया जाएगा। अंबाला रोड स्थित डबनी वाला कब्रिस्तान के पास निगम की खाली पड़ी जमीन को सुरक्षित करने की मांग पर नगरायुक्त ने मुख्य अभियंता को तारबाड़ कराने के निर्देश दिए। कामधेनु उद्योग नगर में खराब पड़ी स्ट्रीट लाइटों की समस्या पर उन्होंने सभी लाइटों की जांच कर उन्हें दुरुस्त करने को कहा। उद्यमियों ने कई क्षेत्रों में जलभराव की समस्या भी उठाई। इस पर अधिकारियों ने बताया कि जल निकासी के लिए नालों के निर्माण का प्रस्ताव तैयार कर लिया गया है, जिसे 15वें वित्त आयोग की बैठक में रखा जाएगा। स्वीकृति मिलने के बाद कार्य शुरू कराया जाएगा। दोनों बैठकों में अपर नगरायुक्त मृत्युंजय, मुख्य अभियंता निर्माण सुरेश चंद, महाप्रबंधक जल पुरुषोत्तम कुमार और नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. प्रवीण शाह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply