सहारनपुर में आगामी डिजिटल जनगणना 2027 को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी कड़ी में, जिलाधिकारी मनीष बंसल के निर्देशन में राजकीय कन्या इंटर कॉलेज में 122 फील्ड ट्रेनरों का तीन दिवसीय प्रशिक्षण बुधवार को संपन्न हुआ। इसका उद्देश्य जनगणना के पहले चरण ‘मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना’ को सुचारु रूप से संपन्न कराना है। जिला जनगणना अधिकारी एवं अपर जिलाधिकारी (राजस्व) सलिल कुमार पटेल ने बताया कि इस बार जनगणना पूरी तरह डिजिटल माध्यम से होगी। इसके लिए फील्ड स्तर पर काम करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों को मोबाइल एप्लीकेशन, टैबलेट और ऑनलाइन पोर्टल के जरिए डेटा संग्रह का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया है। पटेल ने आगे बताया कि प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य तकनीकी दक्षता बढ़ाना और फील्ड में आने वाली संभावित चुनौतियों से निपटने के लिए कर्मचारियों को तैयार करना है। जनपद के कुल 122 फील्ड ट्रेनरों को दो बैचों में प्रशिक्षित किया गया है। ये प्रशिक्षित फील्ड ट्रेनर अब प्रगणकों (Enumerators) और सुपरवाइजरी स्टाफ को प्रशिक्षण देंगे, ताकि पूरी प्रक्रिया एक समान और सटीक तरीके से संचालित हो सके। प्रशासन का लक्ष्य है कि 22 मई 2026 से शुरू होने वाले जनगणना के पहले चरण को बिना किसी त्रुटि के समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाए। प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को डिजिटल उपकरणों के उपयोग, डेटा एंट्री, सर्वेक्षण के मानकों और गोपनीयता संबंधी नियमों की विस्तृत जानकारी दी गई। अधिकारियों ने सभी प्रतिभागियों से गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का आह्वान किया। इस अवसर पर उप जिलाधिकारी विजय प्रताप सिंह, सहायक निदेशक जनगणना आशुतोष कुमार, मास्टर ट्रेनर राम गोपाल, नमन शर्मा, सर्व ज्योति नंदन सेठ सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply