सहारनपुर में जिम ट्रेनर द्वारा नशीला पदार्थ देकर दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। पीड़िता का आरोप है कि उसे प्रोटीन ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर पिलाया गया, जिसके बाद उसके साथ दुष्कर्म किया गया। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। वहीं, जिम ट्रेनर समेत दो युवकों को गिरफ्तार किया गया है। मामला थाना बिहारीगढ़ क्षेत्र का है। इटावा जिले की रहने वाली छात्रा ने बताया कि वह एक कॉलेज में पढ़ाई कर रही है। करीब एक साल पहले उसने बिहारीगढ़ स्थित एक जिम में जाना शुरू किया था। आरोप है कि जिम ट्रेनर शहजाद, निवासी गागलहेड़ी, ने प्रोटीन ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद आरोपी उसे धमकाकर लगातार उसका शोषण करता रहा। पीड़िता के अनुसार, इस पूरे मामले में मुकर्रम उर्फ थाप्पुल, निवासी मुकर्रम, ने भी आरोपी का सहयोग किया। मानसिक रूप से परेशान छात्रा ने घटना की जानकारी हिंदू रक्षा दल के उत्तराखंड प्रदेश अध्यक्ष ललित शर्मा को दी। ललित शर्मा ने मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधिकारियों को अवगत कराया। पीड़िता ने थाना बिहारीगढ़ में लिखित तहरीर दी, जिसके आधार पर पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। बाद में उन्हें न्यायालय में पेश किया गया, जहां से दोनों को जेल भेज दिया गया। इस मामले को लेकर ललित शर्मा ने कहा कि इस तरह की घटनाएं चिंता का विषय हैं और भोली-भाली लड़कियों को झांसे में लेकर अपराध करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। वहीं, पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच जारी है और पीड़िता को न्याय दिलाने के लिए हर संभव कदम उठाए जाएंगे।

Leave a Reply