DniNews.Live

सहारनपुर में क्रेडिट कार्ड एक्टिवेशन के नाम पर ठगी:50 हजार रुपए निकाले, पीड़ित ने SSP से न्याय की गुहार लगाई

सहारनपुर में क्रेडिट कार्ड एक्टिवेशन के नाम पर एक युवक से करीब 50 हजार रुपए की ठगी का मामला सामने आया है। तीन महीने बीत जाने के बाद भी पुलिस की ओर से कोई ठोस कार्रवाई न होने पर पीड़ित ने बुधवार को एसएसपी से न्याय की गुहार लगाई है। रामपुर मनिहारान थाना क्षेत्र के गांव हरपाली निवासी गुलबहार पुत्र नसीम ने बताया कि उन्होंने एक प्राइवेट बैंक का क्रेडिट कार्ड एक कर्मचारी के माध्यम से बनवाया था। कार्ड डाक से मिलने के बाद अनपढ़ होने के कारण वह उसे स्वयं एक्टिवेट नहीं कर सके, जिस पर उन्होंने बैंक कर्मचारी से फोन पर मदद मांगी। पीड़ित के मुताबिक 10 दिसंबर 2025 को सूरज नाम का कर्मचारी उनकी कपड़े की दुकान पर आया और कार्ड व मोबाइल लेकर एक्टिवेशन की प्रक्रिया करने लगा, लेकिन उस दिन कार्ड सक्रिय नहीं हो सका। अगले दिन 11 दिसंबर को वह दोबारा आया और कार्ड एक्टिवेट करने के बहाने मोबाइल, कार्ड और पैन कार्ड अपने पास ले लिया। कुछ देर बाद उसने सामान लौटाते हुए कहा कि कार्ड अभी एक्टिवेट नहीं हुआ है। करीब दो सप्ताह बाद 26 दिसंबर 2025 को गुलबहार को बैंक से कॉल आई, जिसमें बताया गया कि उनके कार्ड से 49,989 रुपये एक प्राइवेट फाइनेंस लिमिटेड को ट्रांसफर किए गए हैं। यह सुनकर वह हैरान रह गए, क्योंकि उनका कार्ड एक्टिवेट ही नहीं हुआ था। इसके बाद उन्होंने तुरंत बैंक को सूचना देकर कार्ड ब्लॉक कराया। पीड़ित ने आरोप लगाया कि यमुनानगर निवासी सूरज ने ही इस ठगी को अंजाम दिया है। उन्होंने कई बार थाना रामपुर मनिहारान में शिकायत दी, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। गुलबहार ने एसएसपी को शिकायती पत्र सौंपकर न्याय की मांग की है। उनका कहना है कि आरोपी से हुई बातचीत की रिकॉर्डिंग भी उनके पास मौजूद है। उन्होंने पुलिस से सख्त कार्रवाई कर रकम वापस दिलाने की अपील की है।

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *