DniNews.Live

सहारनपुर में कांग्रेस की चुनावी रणनीति बैठक:पंचायत और 2027 विधानसभा पर फोकस, बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने के निर्देश

सहारनपुर में जिला कांग्रेस कमेटी की महत्वपूर्ण बैठक शुक्रवार को जिला मुख्यालय पर आयोजित की गई। इसकी अध्यक्षता जिलाध्यक्ष संदीप सिंह राणा ने की। बैठक में जिला पदाधिकारी, ब्लॉक अध्यक्ष, फ्रंटल संगठनों के प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया। बैठक का मुख्य उद्देश्य आगामी पंचायत चुनाव और वर्ष 2027 के विधानसभा चुनावों की तैयारियों के लिए रणनीति बनाना रहा। जिलाध्यक्ष संदीप सिंह राणा ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए संगठनात्मक गतिविधियों में तेजी लाने का निर्देश दिया। उन्होंने बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने पर जोर दिया। राणा ने बताया कि जनपद की सातों विधानसभाओं में बूथ गठन का कार्य लगभग पूरा हो चुका है। इसे और प्रभावी बनाने के लिए अब ब्लॉक स्तर पर समीक्षा बैठकें आयोजित की जाएंगी। उन्होंने कहा कि इन बैठकों में वे स्वयं उपस्थित रहेंगे और बूथ व पंचायत स्तर तक संगठन की सक्रियता का आकलन करेंगे। राणा ने स्पष्ट किया कि संगठनात्मक कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। प्रदेश नेतृत्व के निर्देशों का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि हर पदाधिकारी को जिम्मेदारी के साथ कार्य करना होगा। समीक्षा बैठकों में जिला संगठन प्रभारी नितिन शर्मा, संबंधित ब्लॉक के प्रभारी, ब्लॉक अध्यक्ष और अन्य आवश्यक पदाधिकारियों की उपस्थिति अनिवार्य होगी। जिला उपाध्यक्ष एवं संगठन प्रभारी नितिन शर्मा ने बताया कि समीक्षा बैठकों का क्रम 28 मार्च से शुरू होगा। पहली बैठक सरसावा में ब्लॉक अध्यक्ष चौधरी गालिब के नेतृत्व में होगी। इसके बाद 30 मार्च को नागल में मेवाराम और 5 अप्रैल को पुवारका में पवन राणा द्वारा बैठकें आयोजित की जाएंगी। वरिष्ठ कांग्रेस नेता काजी शौकत हुसैन और जिला उपाध्यक्ष सरदार चंद्रजीत सिंह निक्कू ने इस पहल को महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि इससे बूथ स्तर तक पार्टी की पकड़ मजबूत होगी और कांग्रेस की नीतियों को कार्यकर्ताओं के माध्यम से जन-जन तक पहुंचाने में मदद मिलेगी। बैठक में अन्य वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *