सहारनपुर के थाना जनकपुरी क्षेत्र के खान आलमपुरा स्थित नई बस्ती में शुक्रवार को एक मामूली विवाद ने अचानक हिंसक रूप ले लिया। रुपयों के लेनदेन को लेकर शुरू हुई कहासुनी देखते ही देखते मारपीट में बदल गई और इस दौरान चाकू चलने से एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। जानकारी के अनुसार, नई बस्ती निवासी अनीस झौटा और शराफत के बीच पैसों के लेनदेन को लेकर विवाद हो गया। पहले दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस हुई, लेकिन कुछ ही देर में मामला इतना बढ़ गया कि दोनों के बीच हाथापाई शुरू हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि विवाद के दौरान एक पक्ष ने अचानक चाकू निकालकर हमला कर दिया। इस हमले में उवैस नामक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि शराफत को भी चोटें आई हैं। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही थाना जनकपुरी पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। घायल उवैस को तुरंत जिला चिकित्सालय भेजा गया, जहां उसका उपचार जारी है। चिकित्सकों के अनुसार उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने मौके से जानकारी जुटाई और आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है। दोनों पक्ष थाने पहुंचकर अपनी-अपनी तहरीर दे चुके हैं। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।

Leave a Reply