सहारनपुर में पेपर फैक्ट्री से 47 बिजली मोटर चोरी के मामले में पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने चोरी का शत-प्रतिशत माल, घटना में प्रयुक्त वाहन और अवैध हथियार बरामद किए हैं। यह चोरी श्री गणेश पेपर इंडस्ट्री, सतपुरा में 19 मार्च 2026 को हुई थी।थाना बिहारीगढ़ पुलिस ने इस बड़ी चोरी का पर्दाफाश किया है। एसपी देहात सागर जैन ने रविवार को पुलिस लाइन सभागार में प्रेस वार्ता कर मामले का खुलासा किया। फैक्ट्री मैनेजर अमित निवासी पानीपत, हरियाणा ने अज्ञात चोरों के खिलाफ तहरीर दी थी, जिसके बाद मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई। एसएसपी के निर्देश पर थाना प्रभारी अक्षय शर्मा के नेतृत्व में दो टीमें गठित की गईं। पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। रविवार को सतपुरा गांव के पास चेकिंग के दौरान पुलिस ने पांचों आरोपियों को दबोच लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान तालिब, मोहसिन, जमील, कसीम और परवेज के रूप में हुई है। पूछताछ में सामने आया कि मोहसिन गिरोह का सरगना है, जबकि तालिब उसका रिश्तेदार है। कसीम छोटे हाथी वाहन का मालिक है और परवेज कबाड़ी है, जिससे चोरी का माल खपाने की योजना थी। आरोपियों ने बताया कि उन्होंने सुनसान और दो साल से बंद पड़ी फैक्ट्री की पहले रेकी की थी। आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई सभी 47 मोटरें, जिनकी कीमत करीब 4.70 लाख रुपए है, बरामद की गई हैं। इसके अतिरिक्त, एक टाटा ऐस गोल्ड (छोटा हाथी), एक एचएफ डीलक्स बाइक, तीन अवैध .315 बोर के तमंचे, पांच जिंदा कारतूस और प्लास, पेचकस व पाना जैसे उपकरण भी जब्त किए गए हैं। आरोपियों ने बताया कि चोरी के बाद माल जंगल में छिपा दिया था। वे दोबारा चोरी की कोशिश के दौरान चौकीदार के जागने पर भाग गए थे और बाद में माल बेचने के लिए ले जाते समय पकड़े गए। पुलिस ने बरामदगी के आधार पर मुकदमे में आर्म्स एक्ट की धाराएं भी बढ़ा दी हैं। सभी पांचों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है।

Leave a Reply