सहजनवा में कांग्रेस का शक्ति प्रदर्शन:संगठन विस्तार और चुनावी विजय का फूंका बिगुल
![]()
सहजनवा में कांग्रेस का शक्ति प्रदर्शन:संगठन विस्तार और चुनावी विजय का फूंका बिगुल
चुनावी समर को देखते हुए कांग्रेस ने अपनी जमीनी पकड़ मजबूत करनी शुरू कर दी है। इसी क्रम में रविवार को सहजनवा ब्लॉक कांग्रेस कमेटी की मासिक बैठक कैंप कार्यालय पर आयोजित की गई। बैठक में संगठन की मजबूती, बूथ स्तर पर सक्रियता बढ़ाने और आगामी रणनीति पर विस्तृत मंथन किया गया। पार्टी ने चुनावी तैयारियों को लेकर अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। इस महत्वपूर्ण बैठक की अध्यक्षता ब्लॉक अध्यक्ष गब्बू लाल प्रजापति ने की। कार्यक्रम का शुभारंभ सामाजिक न्याय के प्रणेता और देश के पूर्व उप-प्रधानमंत्री बाबू जगजीवन राम की जयंती के अवसर पर किया गया। कार्यकर्ताओं ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया। जिला उपाध्यक्ष व विधानसभा प्रभारी श्रवण कुमार पांडेय ने उनके योगदान को रेखांकित करते हुए कहा कि बाबूजी का जीवन वंचितों के अधिकारों की लड़ाई का प्रतीक है। उनके आदर्शों पर चलकर ही कांग्रेस एक समावेशी समाज का निर्माण कर सकती है।
बैठक का एक मुख्य आकर्षण नवनियुक्त नगर अध्यक्ष संजय सिंह का स्वागत समारोह रहा। पार्टी कार्यकर्ताओं ने माल्यार्पण कर उनका जोरदार अभिनंदन किया। नई जिम्मेदारी मिलने पर संजय सिंह ने ने कहा कि पार्टी ने मुझ पर जो भरोसा जताया है, उस पर मैं खरा उतरने का प्रयास करूँगा। हमारा लक्ष्य कांग्रेस की जनकल्याणकारी नीतियों और विचारधारा को नगर के हर घर तक पहुंचाना है। हम नगर क्षेत्र में संगठन को एक नई धार देंगे। बैठक के अंत में उपस्थित सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर आगामी चुनौतियों का सामना करने का संकल्प लिया। इस दौरान डॉ. द्वारिका गुप्ता, महेश तिवारी, अजय मिश्र, रणजीत पांडेय, छेदी चौबे, रामचंद्र प्रजापति, अरुण गौड़ और सुनील पांडेय सहित भारी संख्या में कांग्रेस जन उपस्थित रहे। यह बैठक सहजनवा में कांग्रेस की नई सक्रियता का संकेत है। संगठन में नए चेहरों को जगह देकर और पुराने अनुभवों को साथ लेकर पार्टी अब आगामी चुनावों में एक सशक्त विकल्प के रूप में उभरने की तैयारी में है।
Source: Dainik Bhaskar via DNI News
