DniNews.Live

सरकार के 9 साल पूरे, ‘नव निर्माण’ कार्यक्रम आयोजित:लाभार्थियों को आर्थिक सहायता व योजनाओं की जानकारी दी गई

प्रदेश सरकार के नौ वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में कलेक्ट्रेट सभागार में ‘नव निर्माण के 9 वर्ष’ थीम पर एक नौ दिवसीय कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला और मुख्य विकास अधिकारी आनंद कुमार शुक्ला की उपस्थिति में संपन्न हुए इस कार्यक्रम में सरकार की उपलब्धियों और जन कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। इस जनोन्मुखी कार्यक्रम के दौरान उद्योग एवं श्रम विभाग द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं और सरकार की उल्लेखनीय उपलब्धियों को प्रस्तुत किया गया। उपस्थित उद्यमियों, आमजन और लाभार्थियों को योजनाओं की विस्तृत जानकारी देकर उन्हें आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया गया। विभिन्न योजनाओं के तहत लाभार्थियों को आर्थिक सहायता और उपकरण प्रदान कर सशक्त बनाया गया। मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान के अंतर्गत संध्या को ब्यूटी पार्लर स्थापित करने के लिए 5 लाख रुपये का डेमो चेक दिया गया। इसी प्रकार, मुख्यमंत्री युवा रोजगार योजना के तहत विपुल वर्मा को प्रिंटिंग प्रेस के लिए 10 लाख रुपये का डेमो चेक प्रदान किया गया। विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना (ट्रेड-दर्जी) के अंतर्गत पूजा, सीमा, शांति देवी, शिप्रा साहू और सुमन गुप्ता सहित अन्य लाभार्थियों को सिलाई मशीनें वितरित की गईं। बढ़ई ट्रेड के लाभार्थियों को टूल किट प्रदान कर स्वरोजगार के लिए प्रोत्साहित किया गया। राज्य कर विभाग ने तीन उद्यमियों/व्यापारियों को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित भी किया। श्रम विभाग की कन्या विवाह सहायता योजना और मातृत्व, शिशु एवं बालिका मदद योजना के अंतर्गत लाभार्थियों को स्वीकृति/प्रमाण पत्र दिए गए। इसका उद्देश्य समाज के कमजोर वर्गों को सुरक्षा और संबल प्रदान करना है। सूचना विभाग ने सभी प्रतिभागियों को ‘नव निर्माण के 9 वर्ष’ विषयक पुस्तिका, कैलेंडर और पंपलेट वितरित कर सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाया। कार्यक्रम में सहायक उपायुक्त उद्योग, अग्रणी बैंक जिला प्रबंधक, अपर जिला सूचना अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारीगण उपस्थित रहे। इस अवसर पर बड़ी संख्या में लाभार्थियों, उद्यमियों, व्यापारियों और आमजन की सक्रिय सहभागिता देखी गई।

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *