![]()
सफारी ने तीन को रौंदा, एक की मौत; VIDEO:इटावा में 140 की रफ्तार से दुकान में घुसी; एक आरोपी पकड़ा गया, अन्य फरार
इटावा के फ्रेंड्स कॉलोनी थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। विजय नगर रोड पर एक काली सफारी कार ने सड़क किनारे चल रहे तीन लोगों को टक्कर मार दी। हादसे में एक व्यक्ति की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल हैं। घटना सुबह करीब पौने सात बजे की है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार भरथना चौराहा की ओर से आ रही कार की रफ्तार करीब 140 किलोमीटर प्रति घंटे बताई जा रही है। अनियंत्रित कार ने पहले सड़क किनारे चल रहे लोगों को टक्कर मारी, फिर आगे बढ़कर एक दुकान में जा घुसी, जिससे इलाके में अफरातफरी मच गई। दो तस्वीरें देखिए… हादसे में दतावली निवासी गुलाब सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। उनके साथ काम कर रहे मजदूर वीरू पुत्र विजय सिंह निवासी रामपुर नावली थाना इकदिल और पास में टहल रहे 17 वर्षीय निखिल पुत्र कृष्ण मुरारी निवासी रामनगर भी कार की चपेट में आ गए। टक्कर के बाद मौके पर भीड़ जुट गई और माहौल तनावपूर्ण हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को जिला अस्पताल भिजवाया। गुलाब सिंह की हालत नाजुक होने पर उन्हें सैफई मेडिकल यूनिवर्सिटी रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। अन्य दोनों घायलों का इलाज जारी है। स्थानीय लोगों के मुताबिक कार में एक युवक और युवती सवार थे। हादसे के बाद कुछ लोग मौके से फरार हो गए, जबकि एक युवक को राहगीरों ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस के अनुसार कार का नंबर UP 75 AV 8620 है, जो आदित्य कुमार शर्मा निवासी पक्का बाग के नाम दर्ज है। यह जांच की जा रही है कि हादसे के समय कार कौन चला रहा था और चालक नशे में था या नहीं। मृतक गुलाब सिंह परिवार के इकलौते कमाने वाले सदस्य थे। उनके परिवार में तीन बच्चे हैं। उनकी मौत से परिवार पर आर्थिक संकट गहरा गया है। थाना प्रभारी फ्रेंड्स कॉलोनी अमित मिश्रा ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। फरार आरोपियों की तलाश जारी है और पकड़े गए युवक से पूछताछ की जा रही है। जांच के आधार पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Sourse: Dainik Bhaskar via DNI News

Leave a Reply