गाजीपुर सदर से समाजवादी पार्टी (सपा) के विधायक जै किशन साहू के बेटे सहित कई लोगों के खिलाफ अपहरण, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का मुकदमा दर्ज किया गया है। वाराणसी के चिरईगांव निवासी उद्योगपति रमेश कुमार आर्य ने यह शिकायत दर्ज कराई है। उद्योगपति रमेश कुमार आर्य के अनुसार, यह घटना 9 दिसंबर 2025 को उद्योग बंधु की बैठक के बाद हुई। उन्होंने आरोप लगाया कि बैठक के बाद उन्हें जबरन गाड़ी में बैठाकर अगवा कर लिया गया। इसके बाद उन्हें एक फैक्ट्री में बंधक बनाकर रिवॉल्वर के बल पर धमकाया गया और कई घंटों तक पीटा गया। पीड़ित के मुताबिक, आरोपी बाद में उन्हें नंदगंज स्थित उनके ऑक्सीजन प्लांट ले गए, जहां सिलेंडर लूटने का प्रयास किया गया। कर्मचारियों ने डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी। पुलिस के पहुंचने पर आरोपी उनसे उलझते हुए मौके से फरार हो गए और जाते समय फायरिंग भी की। बताया जा रहा है कि इससे पहले भी विधायक के भतीजे मनीष साहू पर दुल्लहपुर थाने में मारपीट का एक मामला दर्ज हो चुका है। कोतवाली प्रभारी महेंद्र सिंह ने जानकारी दी कि पीड़ित की तहरीर पर एफआईआर दर्ज कर ली गई है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। उन्होंने कहा कि आगे कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply