![]()
सपा में लेटर वॉर पर तूफानी सरोज का पलटवार:जौनपुर में पूर्व सांसद ने कहा- अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं, सभी 9 सीटें जीतेंगे
जौनपुर में समाजवादी पार्टी के भीतर चल रही ‘लेटर वॉर’ और आंतरिक खींचतान के बीच, वरिष्ठ नेता व पूर्व सांसद तूफानी सरोज ने कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने जिला अध्यक्ष की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष के नाम लिखा गया गोपनीय पत्र सार्वजनिक करना “घोर अनुशासनहीनता” है, जिससे संगठन को नुकसान होता है। सरोज ने स्पष्ट किया कि भले ही पार्टी कार्यक्रमों के निर्देश जिला स्तर पर दिए जाते हों, लेकिन इसका अर्थ यह नहीं कि आयोजन केवल एक ही स्थान पर हो। उन्होंने मान्यवर कांशीराम की जयंती का उदाहरण दिया, जिसके कार्यक्रम पूरे प्रदेश में अलग-अलग विधानसभाओं में आयोजित किए गए थे। उन्होंने जोर दिया कि यदि किसी को आपत्ति थी, तो उसे संगठनात्मक स्तर पर ही उठाया जाना चाहिए था, न कि सोशल मीडिया पर वायरल किया जाता।केराकत में आयोजित कार्यक्रम को लेकर उठे विवाद पर सरोज ने बताया कि यह आयोजन कार्यकर्ताओं की मांग पर किया गया था। उन्होंने दावा किया कि कार्यक्रम में भारी भीड़ उमड़ी, जहां 300 से अधिक लोगों ने रजिस्टर पर हस्ताक्षर किए। भीड़ अधिक होने के कारण कई लोग हस्ताक्षर नहीं कर पाए।तूफानी सरोज ने पार्टी में गुटबाजी की खबरों को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी पूरी तरह एकजुट है। उन्होंने विश्वास जताया कि आगामी चुनाव में पार्टी जिले की सभी 9 सीटों पर जीत दर्ज करेगी। उन्होंने राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की ‘PDA’ (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) रणनीति को पार्टी की असली ताकत बताया, जिससे समाज के हर वर्ग का समर्थन लगातार बढ़ रहा है। वह अपनी बेटी प्रिया सरोज के समर्थन में भी मजबूती से खड़े नजर आए। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग जानबूझकर भ्रम फैलाकर भाजपा को फायदा पहुंचाना चाहते हैं। सरोज ने साफ कहा कि कांशीराम जी का जन्मदिन मनाना कोई गलत काम नहीं है और भविष्य में डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती भी जिले भर में भव्य रूप से मनाई जाएगी।अंत में, उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे आपसी मतभेद भुलाकर संगठन को मजबूत करें और ‘साइकिल’ को जिताने के लक्ष्य पर ध्यान केंद्रित करें।
Sourse: Dainik Bhaskar via DNI News

Leave a Reply