![]()
सपा महिला सभा का कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन:सिलेंडर किल्लत पर राष्ट्रपति को ज्ञापन, सिलेंडर और चूड़ियां लेकर पहुंचे
समाजवादी महिला सभा ने जिला महासचिव प्रर्मिला यादव और प्रदेश महासचिव रीता प्रजापति के संयुक्त नेतृत्व में जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने गैस सिलेंडर और चूड़ियों के साथ विरोध प्रदर्शन करते हुए जिलाधिकारी को राष्ट्रपति के नाम एक ज्ञापन सौंपा। इसके साथ ही प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री को लाल चूड़ियां भी भेजी गईं। सपा नेत्री अंजनी सरोज ने इस दौरान कहा कि पूरे भारत, खासकर उत्तर प्रदेश में पिछले कई दिनों से गैस सिलेंडर की भारी किल्लत है। इससे आम जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। उन्होंने कहा कि यह मामला सीधे महिलाओं से जुड़ा है, और नोटबंदी तथा कमरतोड़ महंगाई के बाद अब इस परेशानी से महिलाओं का जीवन और बदतर होता जा रहा है। अंजनी सरोज ने केंद्र और उत्तर प्रदेश सरकार के इस बयान को हास्यास्पद बताया कि गैस की कोई कमी नहीं है। उन्होंने कहा कि यह आम जनता और महिलाओं के जख्मों पर नमक छिड़कने जैसा है। उन्होंने प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री से सिलेंडर की किल्लत से निजात दिलाने का अनुरोध किया और भाजपा की “झूठ बोलने वाली, जनता को भ्रमित करने वाली डबल इंजन सरकार” को तत्काल बर्खास्त करने की मांग की। प्रदर्शन में समाजवादी महिला सभा की जिला महासचिव प्रर्मिला यादव, प्रदेश महासचिव रीता प्रजापति, पूर्व प्रत्याशी अंजनी सरोज, कंचन सोनकर, अंकित राजपूत, राजेंद्र दुबे, किरन, सरोज, सुशीला गोंड, शिवरानी, राजकुमारी और जिला मीडिया प्रभारी धर्मेंद्र कुमार मिश्र पप्पू सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।
Sourse: Dainik Bhaskar via DNI News

Leave a Reply