गाजीपुर में समाजवादी पार्टी (सपा) ने आगामी त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव और विधानसभा चुनाव की तैयारियों में देरी को लेकर राज्य सरकार पर निशाना साधा है। सपा जिलाध्यक्ष गोपाल यादव ने कहा कि पार्टी संगठन किसी भी समय चुनाव का सामना करने के लिए तैयार है, लेकिन सरकार की ढुलमुल नीतियों के कारण चुनाव की तारीखों और प्रक्रिया को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है, जिससे कार्यकर्ताओं और आम जनता में भ्रम की स्थिति बनी हुई है। गोपाल यादव ने सरकार की तैयारियों पर सवाल उठाते हुए कहा कि अभी तक पिछड़ा वर्ग आयोग का गठन नहीं किया गया है। जबकि आरक्षण का निर्धारण इसी आयोग के आधार पर होना है। इसके अतिरिक्त, 10 साल के चक्र के अनुसार आरक्षण निर्धारण, वार्डों का परिसीमन और क्षेत्र निर्धारण जैसी महत्वपूर्ण प्रक्रियाएं भी अधूरी हैं। उन्होंने पंचायती राज मंत्री ओमप्रकाश सिंह के बयानों पर पलटवार करते हुए कहा कि मंत्री समय पर चुनाव कराने की बात तो कर रहे हैं, लेकिन कभी मई तो कभी जुलाई तक चुनाव कराने की बात कहना स्वयं सरकार की अनिश्चितता को दर्शाता है। चार-पांच महीनों से मतदाता सूची का काम चल रहा सपा जिलाध्यक्ष ने मतदाता सूची पुनरीक्षण की धीमी प्रक्रिया पर भी चिंता व्यक्त की। उन्होंने बताया कि पिछले चार-पांच महीनों से मतदाता सूची का काम चल रहा है, लेकिन यह अभी तक पूरा नहीं हो सका है। इसे 15 अप्रैल तक पूरा करने की बात कही जा रही है। ग्राम पंचायत स्तर पर भी सूची के सुदृढ़ीकरण का कार्य अधूरा है। पंचायत चुनाव में चुनाव चिन्ह (सिंबल) के मुद्दे पर गोपाल यादव ने स्पष्ट किया कि यह चुनाव सामान्य बिना सिंबल के होता है। हालांकि, राजनीतिक दल अपने समर्थित उम्मीदवारों को समर्थन देते हैं। जीतने वाले प्रत्याशी पार्टी के हित में काम करते हैं।

Leave a Reply