हरदोई के हरपालपुर थाना क्षेत्र में समाजवादी पार्टी (सपा) के नेता यदुनंदन लाल वर्मा के खिलाफ भगवान श्रीराम और माता जानकी पर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी करने के मामले में एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस ने यह कार्रवाई सोशल मीडिया पर प्रसारित एक वीडियो और शिकायत के आधार पर की है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, 27 मार्च 2026 को थाना हरपालपुर में एफआईआर संख्या 0081 दर्ज की गई। शिकायत में आरोप है कि एक सार्वजनिक सभा के दौरान सपा नेता यदुनंदन लाल वर्मा ने अपने भाषण में धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाली और भड़काऊ टिप्पणियां कीं। उन्होंने हिंदू धर्मग्रंथों, विशेषकर वाल्मीकि रामायण का गलत संदर्भ देते हुए भगवान श्रीराम के अस्तित्व पर सवाल उठाए और भीड़ को उकसाने का प्रयास किया। कानून-व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका जताई पुलिस ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) 2023 की धारा 299 और 196 के साथ ही सूचना प्रौद्योगिकी (संशोधन) अधिनियम 2008 की धारा 67 के तहत मुकदमा दर्ज किया है। शिकायतकर्ता ने बताया कि उक्त वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से प्रसारित हो रहा है, जिससे क्षेत्र में आक्रोश का माहौल बन गया है। कानून-व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका जताई गई है। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी गई है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। वहीं, प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने और किसी भी तरह की अफवाहों से दूर रहने की अपील की है।

Leave a Reply