लखनऊ के काकोरी इलाके में अज्ञात वाहन की टक्कर से प्लाई बोर्ड कंपनी के मैनेजर की मौत हो गई। मैनेजर ड्यूटी खत्म करके अपने घर जा रहे थे। तभी अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। इलाज के लिए ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया। जहां सोमवार सुबह इलाज के दौरान मौत हो गई।
सैफलपुर मलिहाबाद निवासी संदीप यादव (26) पुत्र फूलचंद आलमबाग स्थित श्री श्याम प्लाई बोर्ड कंपनी में मैनेजर थे। शनिवार रात ड्यूटी के बाद अपने घर जा रहे थे। आगरा एक्सप्रेसवे टोल प्लाजा के सर्विस लेन के पास पहुंचे थे। तभी करीब 11 बजे अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। बाइक पर दो लोग सवार थे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर मौजूद लोगों ने पुलिस को सूचना दी। इसके बाद इलाज के लिए ट्रामा सेंटर पहुंचाया गया। जहां संदीप की सोमवार सुबह इलाज के दौरान मौत हो गई। जबकि दूसरे युवक का जबड़ा टूट गया। जिसका इलाज चल रहा है। संदीप के परिवार में माता-पिता और चार भाई हैं, संदीप तीसरे नंबर पर था। घटना के बाद से परिवार का रो-रो कर बुरा हाल है। मामले में पुलिस का कहना है पोस्टमार्टम करा कर शव परिजनों को सौंप दिया है। आगे की कार्रवाई संबंधित थाने को दी जाएगी।

Leave a Reply