DniNews.Live

सड़क हादसे में पिता की मौत, बेटा घायल:नवोदय में चयन के बाद मेडिकल कराने जिला अस्पताल जा रहे थे

पीलीभीत जिले में सोमवार को एक सड़क हादसे में एक पिता की मौत हो गई। वे अपने बेटे का नवोदय विद्यालय में चयन होने के बाद उसका मेडिकल परीक्षण कराने जिला अस्पताल जा रहे थे। इस हादसे में बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया। सुनगढ़ी थाना क्षेत्र के सहगमा नगरिया निवासी गोकिल प्रसाद अपने बेटे मयंक वर्मा और एक रिश्तेदार प्यारे के साथ मोटरसाइकिल पर जिला अस्पताल जा रहे थे। मयंक का नवोदय विद्यालय में चयन हुआ था और सोमवार को उसका मेडिकल परीक्षण होना था। यह हादसा सुनगढ़ी थाना क्षेत्र में डिग्री कॉलेज के पास हुआ। गन्ने से लदी एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उनकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि गोकिल प्रसाद ट्रैक्टर के पहियों की चपेट में आ गए और घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई। घायल मयंक वर्मा को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मोटरसाइकिल पर सवार तीसरे व्यक्ति, रिश्तेदार प्यारे को मामूली चोटें आई हैं। सूचना मिलने पर सुनगढ़ी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। थाना अध्यक्ष नरेश त्यागी ने बताया कि पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे के बाद ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है।

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *