डीएम जितेंद्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता में सोमवार को जनपद स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित हुई, जिसमें शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। डीएम ने कहा कि विद्यालयों में संचालित बसों, अन्य वाहनों तथा अभिभावकों के निजी वाहनों की पार्किंग विद्यालय के सामने सड़क पर नहीं की जाएगी। साथ ही विद्यालय खुलने और छुट्टी के समय मुख्य द्वार पर कर्मचारियों की तैनाती सुनिश्चित की जाएगी, जिससे सड़क पर यातायात बाधित न हो। इसके साथ ही 81 विद्यालयों के संचालन की समय सारिणी भी निर्धारित की गई है, जो एक अप्रैल से लागू होगी। बैठक में उठा जाम का मुद्दा
बैठक में अधिशासी अभियंता पीडब्ल्यूडी अरुण कुमार जयंत ने बताया कि रविवार को जीटी रोड पर अवैध रूप से निर्मित 14 दुकानों को हटाया गया है। उन्होंने कहा कि सड़कों पर आवागमन सुचारू बनाए रखने के लिए इस प्रकार की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। रामादेवी और नारामऊ क्षेत्र में स्थित शराब की मॉडल शॉप के कारण लगने वाले जाम का मुद्दा भी बैठक में उठा। जिला आबकारी अधिकारी ने बताया कि संबंधित दुकानों को अतिक्रमण हटाने के लिए नोटिस दिया जा चुका है। रामादेवी के निकट सड़कों पर लगने वाली सब्जी मंडी के कारण भी यातायात प्रभावित होने की बात बैठक में सामने आई। स्कूलों में जाकर चेक किए जाएंगे वाहन डीएम ने निर्देश दिए कि 1 अप्रैल से 15 अप्रैल तक स्कूली वाहनों की जांच के लिए विशेष अभियान चलाया जाए। परिवहन विभाग की टीमें विद्यालयों में जाकर वाहनों की जांच करेंगी और संबंधित विवरण पोर्टल पर अपलोड कराया जाएगा। उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि विद्यालयों में गठित वाहन संचालन समिति की बैठक नियमित रूप से कराई जाए और उसकी कार्यवाही व तस्वीरें उपलब्ध कराई जाएं। बैठक में डीसीपी ट्रैफिक रविंद्र कुमार, डीआईओएस संतोष कुमार राय, बीएसए सुरजीत कुमार, एआरटीओ कहकशां खातून, परियोजना निदेशक एनएच पंकज यादव आदि रहे।

Leave a Reply