DniNews.Live

सड़क, उद्योग और आवास से सेवता में बदली तस्वीर:विधायक ज्ञान तिवारी का दावा- मंदिरों का कायाकल्प कराया, विधानसभा को तहसील बनवाना है

सीतापुर की सेवता विधानसभा से विधायक ज्ञान तिवारी का कहना है कि चार साल में क्षेत्र में सड़क, आवास, उद्योग और धार्मिक स्थलों के विकास पर विशेष फोकस किया गया। उनका कहना है कि 100 से अधिक गांवों को पहली बार पक्की सड़क से जोड़ा गया। रोजगार और बाढ़ से राहत के लिए भी कई योजनाएं लागू की जा रही हैं। दैनिक भास्कर से खास बातचीत में विधायाक ने बेबाकी से सवालों के जवाब दिए। पढ़िए पूरा इंटरव्यू… सवाल: योगी सरकार 2.0 के चार साल पूरे हो चुके हैं। आपके कार्यकाल में कौन-कौन से विकास कार्य हुए?
जवाब: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश में अभूतपूर्व विकास हुआ है। सेवता विधानसभा में सड़क, उद्योग, आवास और धार्मिक स्थलों के विकास पर विशेष काम हुआ है। पांच साल पूरे होने पर हम सभी कार्यों की विस्तृत जानकारी बुकलेट के रूप में जनता के सामने रखेंगे। सवाल: क्षेत्र में सड़क और कनेक्टिविटी को लेकर क्या काम हुए?
जवाब: रेउसा से महमूदाबाद तक सड़क चौड़ीकरण का काम शुरू हो चुका है। चहलारी घाट से बिसवां होते हुए चौका नदी तक करीब 50 करोड़ रुपये की लागत से सड़क का चौड़ीकरण हो रहा है। महमूदाबाद मार्ग पर भी काम चल रहा है। रसूलपुर से चकदाहा तक दो चरणों में सड़क बनाई गई है। आजादी के बाद पहली बार 100 से अधिक गांवों को डामर सड़क से जोड़ा गया है। सवाल: रोजगार के लिए क्या प्रयास किए गए?
जवाब: क्षेत्र में दो फैक्ट्रियां स्थापित की गई हैं। एक शुरू हो चुकी है और दूसरी बड़ी लकड़ी फैक्ट्री जल्द शुरू होगी। इससे स्थानीय लोगों को रोजगार मिलेगा और किसानों को भी फायदा होगा। सवाल: गांजरी क्षेत्र में बाढ़ की समस्या के समाधान के लिए क्या किया गया?
जवाब: बाढ़ से फसलों को बचाने के लिए विशेष प्रजाति के पेड़ लगाने की योजना बनाई गई है। इसमें आसपास के जिले बहराइच, बाराबंकी और लखीमपुर के लोग भी शामिल होंगे। भविष्य में इन पेड़ों की खरीद उद्योगों द्वारा की जाएगी, जिससे किसानों की आय बढ़ेगी। सवाल: धार्मिक स्थलों के विकास को लेकर क्या काम हुआ?
जवाब: सोनासर देवी मंदिर पहले अतिक्रमण से घिरा हुआ था। उसे खाली कराया गया, वहां तक सीसी रोड बनवाई गई और श्रद्धालुओं के लिए हॉल का निर्माण कराया गया। अब वहां पहुंचना आसान हो गया है। सवाल: सरकारी योजनाओं का लाभ लोगों तक कितना पहुंचा?
जवाब: पूरे सीतापुर जिले में लगभग ढाई लाख आवास दिए गए हैं। इनमें से करीब 55 हजार आवास सेवता विधानसभा के गरीब परिवारों को मिले हैं। सवाल: आपदा प्रबंधन को लेकर क्या सुधार हुए?
जवाब: पहले आग लगने पर फायर ब्रिगेड दूर से आती थी। अब क्षेत्र में एक बड़ा फायर स्टेशन बन रहा है, जिसका जल्द लोकार्पण होगा। इससे आपात स्थिति में तुरंत मदद मिल सकेगी। सवाल: अपने कार्यकाल को 10 में से कितने नंबर देंगे?
जवाब: नंबर जनता देती है, नेता खुद नहीं। चुनाव ही असली परीक्षा होता है। सवाल: ऐसा कौन सा काम है जो अभी बाकी है?
जवाब: हमारा प्रयास है कि गांजरी क्षेत्र को तहसील का दर्जा मिले। इस पर मुख्यमंत्री से चर्चा हो चुकी है। जनगणना के बाद प्रक्रिया आगे बढ़ेगी। साथ ही सीओ ऑफिस की मंजूरी भी मिल चुकी है। सवाल: क्या अगली बार भी आप टिकट के दावेदार होंगे?
जवाब: हम दावेदारी नहीं करते, हम कार्यकर्ता हैं। पार्टी जो जिम्मेदारी देती है, उसे निभाते हैं। हमारा उद्देश्य राष्ट्र और क्षेत्र की सेवा है।

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *