सजेती थाना क्षेत्र के शाखाहारी गांव में उधारी के पैसों को लेकर विवाद हिंसक हो गया। आरोप है कि कुछ लोगों ने एक परचून की गुमटी में आग लगा दी और मारपीट भी की। पुलिस मामले की जांच कर रही है। गांव निवासी जितेंद्र खुटार इंग्लिश शराब ठेके के पास परचून की गुमटी और अंडे का ठेला लगाते हैं। पीड़ित जितेंद्र के अनुसार, बीती रात उनका गांव के दिवाकर से उधारी के पैसों को लेकर विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर आरोप है कि दिवाकर के बड़े भाई सुजीत पुत्र रामबाबू ने ठेले के पीछे रखी परचून की गुमटी में आग लगा दी। जितेंद्र ने यह भी आरोप लगाया कि विरोध करने पर उनके साथ मारपीट की गई। इस घटना में गुमटी का सामान जलकर क्षतिग्रस्त हो गया। पीड़ित ने सजेती थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। सजेती थाना प्रभारी अनुज भारती ने बताया कि उन्हें शिकायत मिल गई है। मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply