मिर्जापुर के चुनार थाना क्षेत्र में सक्तेशगढ़ आश्रम से लौट रहे श्रद्धालुओं के साथ मारपीट और छिनैती की घटना हुई है। यह घटना सोमवार रात करीब आठ बजे हुई। पीड़ित पक्ष ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। बरैनी गांव निवासी अखिलेश ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वे अपने परिवार और रिश्तेदारों के साथ सक्तेशगढ़ स्थित अड़गड़ानंद आश्रम में दर्शन करने गए थे। दर्शन के बाद सभी चार पहिया वाहनों से अपने घर लौट रहे थे। अखिलेश के अनुसार, जब उनका काफिला चुनार कस्बा क्षेत्र में पुराने थाने के पास पहुंचा, तो बाइक सवार कुछ युवकों ने उन्हें रोक लिया। युवकों ने वाहन छूने का आरोप लगाते हुए गाली-गलौज की और मारपीट शुरू कर दी। इससे वहां अफरा-तफरी मच गई। आरोप है कि मारपीट के दौरान बदमाशों ने अखिलेश के गले से सोने की चेन और उनकी भतीजी का मंगलसूत्र छीन लिया और मौके से फरार हो गए। घटना के बाद पीड़ित पक्ष ने पुलिस को तहरीर देकर न्याय की मांग की। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि तहरीर के आधार पर जांच की जा रही है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। पुलिस ने जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
Source: Dainik Bhaskar via DNI News
Puri Khabar Yahan Padhein
Leave a Reply