सीतापुर के महमूदाबाद कोतवाली क्षेत्र के बघाइन गांव निवासी 26 वर्षीय रवि गोपाल की सऊदी अरब में मिसाइल हमले में मौत हो गई है। इस घटना से परिवार और गांव में शोक का माहौल है। विधायक आशा मौर्य ने रविवार शाम को पीड़ित परिवार से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी। उन्होंने रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से फोन पर बात कर शव जल्द भारत लाने का भरोसा भी दिलाया। जिलाधिकारी डॉ. राजा गणपति आर के निर्देश पर नायब तहसीलदार राकेश त्रिवेदी ने गांव पहुंचकर परिजनों से जानकारी जुटाई और हर संभव मदद का आश्वासन दिया। रवि गोपाल का सऊदी अरब में जीवन रवि गोपाल सितंबर 2025 में रोजगार के लिए सऊदी अरब गए थे और वहां एक प्लास्टिक कंपनी में ड्राइवर के रूप में काम कर रहे थे। उनके परिवार में पत्नी, एक छोटा पुत्र और वृद्ध मां हैं, जो पूरी तरह उन पर आश्रित थे।परिजनों के अनुसार, रवि की आखिरी बार 18 मार्च की रात करीब 9:54 बजे बात हुई थी। इसके बाद उनके सहयोगी रामनिवास यादव ने फोन कर घटना की जानकारी दी। बताया गया कि स्थानीय समयानुसार शाम करीब 5 बजे कंपनी परिसर पर मिसाइल हमला हुआ, जिसमें रवि की मौत हुई। शव फिलहाल सऊदी अरब में फ्रीजर में सुरक्षित रखा गया है। परिवार की मांग हालांकि, इस घटना की आधिकारिक पुष्टि भारतीय दूतावास की ओर से अभी नहीं हुई है। परिवार शव को जल्द भारत लाने और आर्थिक सहायता की मांग कर रहा है। यह घटना क्षेत्र में चल रहे अंतरराष्ट्रीय तनाव के बीच हुई है।

Leave a Reply